
रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। केरल, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामले और नए स्ट्रेन के खतरों को देखते हुए छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी सख्ती शुरू हो गई है। राज्य सरकार ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। रायपुर रेलवे स्टेशन में गुरुवार से केरल और महाराष्ट्र से आने वाले यात्रियों पर खास नजर रखना शुरु कर दिया है। दोनों राज्यों के चार सौ से अधिक यात्रियों की कोरोना जांच की गई। हालांकि, एक भी पाजीटिव नहीं पाया गया। कोरोना जांच के लिए अलग से काउंटर बनाए गए हैं। इसके अलावा दूसरे प्रदेशों से छत्तीसगढ़ आ रहे यात्रियों की कोरोना जांच भी की जा रही है।
करीब चार सौ यात्रियों की कोरोना जांच की गई है। राहत की बात यह है कि एक भी यात्री कोरोना पॉजीटिव नहीं पाया गया। स्वास्थय विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि कोरोना के नए स्ट्रेन को देखते हुए महाराष्ट्र,केरल, मध्यप्रदेश और दिल्ली से आने वाले यात्रियों की जांच करने के निर्देश मिला है। सड़क एवं रेल मार्ग से आने वाले ऐसे यात्रियों की कोविड स्क्रीनिंग और कांट्रैक्ट ट्रेसिंग के लिए आवश्यक व्यवस्था रेलवे स्टेशन, यात्री बस स्टेशन और अंतरराज्यीय एंट्री प्वाइंट पर की कई है।