
रायपुर ( नईदुनिया प्रतिनिधि )। Corona Virus News: छत्तीसगढ़ में जांजगीर -चांपा के तीन स्कूलों में 11 बच्चे समेत राज्य में 90 कोरोना पाजिटिव आए हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए स्कूल को सात दिनों के लिए बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं। ताकि कोरोना संक्रमण का विस्तार न हो और स्कूली बच्चे कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रहें। वहीं स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बलौदाबाजार में सर्वाधिक 10 कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं कांकेर जिले, जशपुर, बस्तर में आठ-आठ कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा बिलासपुर, रायगढ़, गरियाबंद में पांच-पांच कोरोना संक्रमित मिले हैं।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में छह, दुर्ग में सात समेत अन्य जिलों में मरीज मिले हैं। बालोद जिले, कबीरधाम जिले, गौरेला - पेंड्रा - मरवाही जिले, कोंडागांव जिले, सुकमा जिले में मरीजों की संख्या शून्य रही। छत्तीसगढ़ राज्य में 27 हजार 929 सैंपल जांचे गए हैं। फिलहाल यहां पाजिटिविटी दर 0.3 दर्ज की गई है। टीकाकरण की बात करें तो छत्तीसगढ़ राज्य के 1,027 केंद्रों में 25,902 लोगों का टीकाकरण किया गया है।
वहीं राजधानी के 45 केंद्रों में 3,105 लोगों का टीकाकरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ राज्य के पास वर्तमान में डेढ़ लाख से अधिक वैक्सीन है। मंगलवार यानि आज 25 हजार कोवैक्सीन की खेप आने की जानकारी दी गई है। वहीं बुधवार को करीब दो लाख कोविशील्ड की खेप पहुंचेगी। मालूम हो की छत्तीसगढ़ में कोरोना रोधी टीका लगवाने के प्रति लोगों में काफी जागरूकता देखने को मिल रही है।