छत्तीसगढ़ के राशन हितग्राहियों के लिए राहत की खबर, खाद्यान्न वितरण की समय-सीमा बढ़ाकर 15 अक्टूबर की गई
सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में सितंबर का राशन लेने से वंचित हितग्राहियों के लिए राहत की खबर है।
Publish Date: Tue, 29 Sep 2026 01:45:04 PM (IST)Updated Date: Tue, 29 Sep 2026 01:46:18 PM (IST)
HighLights
- बड़ी संख्या में हितग्राहियों को राशन वितरण पूरा नहीं हो पाया था
- सभी खाद्य नियंत्रकों और खाद्य अधिकारियों को निर्देशित किया
- उचित मूल्य दुकानों को सूचना देने और वितरण पूरा कराने को कहा
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में सितंबर का राशन लेने से वंचित हितग्राहियों के लिए राहत की खबर है। सितंबर 2026 के खाद्यान्न वितरण की समय-सीमा बढ़ाकर अब 15 अक्टूबर 2026 कर दी गई है।
इसके साथ ही अक्टूबर माह का खाद्यान्न वितरण भी 31 अक्टूबर 2026 तक किया जा सकेगा। खाद्य विभाग ने इस संबंध में सभी जिलों को निर्देश जारी कर उचित मूल्य दुकानों को सूचना देने और वितरण पूरा कराने को कहा है।
बड़ी संख्या में हितग्राहियों को राशन वितरण पूरा नहीं हो पाया था
दरअसल, सितंबर में बड़ी संख्या में हितग्राहियों को राशन वितरण पूरा नहीं हो पाया था। कई जगह तकनीकी दिक्कतों और अन्य कारणों से हितग्राही राशन लेने से वंचित रह गए थे। इस मुद्दे को नईदुनिया ने प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद विभाग ने सितंबर के वितरण की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है।
सभी खाद्य नियंत्रकों और खाद्य अधिकारियों को निर्देशित किया
विभाग ने सभी खाद्य नियंत्रकों और खाद्य अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जिलों में उचित मूल्य दुकानों को नई समय-सीमा की जानकारी दें। साथ ही सितंबर और अक्टूबर दोनों महीनों का खाद्यान्न निर्धारित अवधि में वितरित कराना सुनिश्चित करें। इससे उन हितग्राहियों को अतिरिक्त समय मिलेगा, जो सितंबर का राशन अब तक नहीं ले सके हैं।