
रायपुर (राज्य ब्यूरो)। 24वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता तो संपन्न हो गई पर अभी भी कई ऐसे अनुतरित सवाल है जिनका उत्तर लोगों को नहीं मिला। उन्हीं सवालों में एक है भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य वीवीएस लक्ष्मण का उद्धाटन में और चेतेश्वर पुजारा का समापन में आना। यह ऐसा रहस्य हो गया है जिसका जवाब किसी के पास नहीं है। दोनों सेलीब्रेटी कैसे रायपुर पहुंचे कोई बता पाने की स्थिति में नहीं है। ऐसी स्थिति तब है जब कार्यक्रम का उद्धाटन स्वयं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व केंद्रीय वनमंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने किया था और समापन मंत्री टीएस सिंहदेव ने। दोनों ही आयोजन में राज्य के वन मंत्री मो अकबर भी मौजूद थे।
चर्चा यह भी है कि लक्ष्मण को इस आयोजन में आने के लिए 11 लाख व चेतेश्वर पुजारा को आठ लाख का भुगतान किया गया है। ऐसे में सवाल है कि उक्त भुगतान विभाग ने किया कि किसी अन्य ने। अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता वन विभाग का एक वार्षिक आयोजन है जिसमें देश के सभी राज्यों के अधिकारी खिलाड़ी पांच दिन एक साथ मनोरंजन व खेलकूद करते हैं। इसके लिए सभी प्रवेश शुल्क भी जमा करते हैं। इस वर्ष यह शुल्क 14 हजार रुपये था।
रायपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी वीवीएस लक्ष्मण व समापन समारोह में चेतेश्वर पुजारा शामिल हुए। पर वे रायपुर विभाग की प्रतियोगिता में कैसे आए विभाग को जानकारी नहीं है। ऐसे में यह यक्ष प्रश्न है कि जिस आयोजन में कोई वीवीआइपी आता है और आयोजकों को पता ही नहीं। अपर मुख्य सचिव सीके खेतान से जब पूछा गया तो वे भी टाल गए।
इनका कहना है
भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य वीवीएस लक्ष्मण व चेतेश्वर पुजारा आयोजन में कैसे आए इस बात की जानकारी हमें नहीं है। विभाग प्रमुख से इसकी जानकारी ली जा सकती है- श्रीनिवास राव, पीसीसीएफ, अध्यक्ष आयोजन समिति
दोनों खिलाड़ियों को विभाग ने बुलाया कि वे स्वयं आए इसके लिए फाइलों का अध्ययन करना पड़ेगा। उनका भुगतान विभाग ने किया कि नहीं इसकी जानकारी हमें नहीं है- मुदित सिंह, पीसीसीएफ, वन बल प्रमुख, छग