रायपुर में वन विभाग में सहायक वन संरक्षकों के तबादले के बावजूद कई अफसरों ने नहीं छोड़ा दफ्तर, तीन दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश
वन विभाग में सहायक वन संरक्षकों के तबादले के बावजूद कई अधिकारियों को अब तक भारमुक्त नहीं किए जाने पर अरण्य भवन ने सख्ती दिखाई है।
Publish Date: Mon, 21 Sep 2026 01:25:44 PM (IST)Updated Date: Mon, 21 Sep 2026 01:26:35 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- 64 सहायक वन संरक्षकों का तबादला किया गया था
- तत्काल भारमुक्त कर नई पदस्थापना पर भेजा जाए
- निर्देश का समय-सीमा में पालन नहीं करने पर होगी कार्रवाई
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। वन विभाग में सहायक वन संरक्षकों के तबादले के बावजूद कई अधिकारियों को अब तक भारमुक्त नहीं किए जाने पर अरण्य भवन ने सख्ती दिखाई है।
शासन के आदेशों का पालन नहीं करने की शिकायतों के बाद वन बल प्रमुख कार्यालय ने सभी मुख्य वन संरक्षकों, वन संरक्षकों और वनमंडल अधिकारियों को निर्देश जारी कर स्थानांतरित अधिकारियों को तीन दिन में भारमुक्त करने और रिपोर्ट देने के लिए कहा है।
64 सहायक वन संरक्षकों का तबादला किया गया था
बीते दो सितंबर को करीब 64 सहायक वन संरक्षकों का तबादला किया गया था। इसके बावजूद कुछ वनमंडलों से अब तक इन्हें भारमुक्त नहीं किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। बताया गया कि कई अधिकारी पुरानी पदस्थापना पर ही कार्यरत हैं। इससे विभाग में नाराजगी बढ़ी है।
तत्काल भारमुक्त कर नई पदस्थापना पर भेजा जाए
प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) कार्यालय ने साफ किया है कि स्थानांतरित सहायक वन संरक्षकों को तत्काल भारमुक्त कर नई पदस्थापना पर भेजा जाए। संबंधित अधिकारियों की भारमुक्ति और नई जगह कार्यभार संभालने की पूरी रिपोर्ट भी तीन दिन में भेजनी होगी।
निर्देश का समय-सीमा में पालन नहीं करने पर होगी कार्रवाई
निर्देश में यह भी कहा गया है कि शासन के आदेशों का समय-सीमा में पालन नहीं करने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। इसके लिए निर्धारित प्रपत्र भी जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ कांग्रेस में 20 निष्कासितों की घर वापसी, पूर्व विधायक बृहस्पति, जोगी परिवार समेत 16 वेटिंग लिस्ट में