रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। Dhamtari Viral News: अपनी हालत के लिए किसी को कोसना नहीं चाहिए बल्कि पूरे अात्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए, तो एक दिन सफलता जरूर मिलती है। धमतरी जिले के कुरुद गांव में रहने वाले बसंत साहू की कहानी भी कुछ इसी तरह है। 95 प्रतिशत शरीर काम नहीं करने पर उन्होंने हिम्मत नहीं हारी।
डाक्टरों ने कह दिया कि 95 प्रतिशत शरीर काम नहीं कर रहा। जिसके बाद वे महीनों बिस्तर पर रहे। तकरीबन दो साल तक वे सहारा लेकर कुर्सी पर बैठने की हालात में आए। इस दौरान वे बिस्तर पर लेटे हुए वे दीवारों पर लगी तस्वीरों को देखा करते थे। बस यहीं से उनको तस्वीरें बनाने की सूझी। इसके बाद से उन्होंने एक के बाद एक कोरे कागज पर कई तरह की तस्वीरें बनाई।
दुर्घटना से पहले वे मोटर मैकेनिक का काम करते थे। बना चुके हैं बारह सौ से अधिक पेंटिंग : हादसे के बाद जब उन्होंने पेंटिंग बनाने की सोची तो प्रारंभ में उन्हें बहुत तकलीफों का सामना करना पड़ा। जब उन्होंने पेंसिल उठाई तो पेंसिल उनके हाथ में नहीं रूक रहे थे। कई बार कोशिश की लेकिन नहीं उठा।
आखिरकार हाथ में पट्टी बांधकर उसमें इसे फंसाने की सोची। धीरे-धीरे कामयाब हुए और पहली बार महात्मा गांधी का स्कैच बनाया। इसके बाद से वे रूके नहीं। अब तक वे बारह सौ से ज्यादा पेंटिंग बना चुके हैं। वे बताते हैं कि कैनवास पर रंग उतारने के लिए जब वो हाथ उठाने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें काफी दर्द होता है। वे महज कुछ पल ही हाथ उठा पाते हैं। इन पलों में कैनवास पर जो लकीरें उतरती हैं, जो रंग उभरते हैं वो मिलकर जिंदगी की तस्वीरें बनाते हैं।
उनकी बनाई तस्वीरें बेहद खूबसूरत और जिंदगी के नए-ए रंग समझाती हुई नजर आती है। अादिवासी लोकस्कृति और सभ्यता का मार्मिक चित्रण उनकी कलाकारी में देखने को मिलता है। श्री कृष्ण के लीलाओं का भी सुदंर चित्रण बसंत साहू की पेटिंग्स में देखे जा सकते है।हाथ में पट्टा आैर पट्टे में ब्रश फंसाकर बनाते है पेंटिंग :बसंत तस्वीर बनाने के लिए अपने दाएं हाथ में एक पट्टा बंधवाते हैं। इस पट्टे में कोई ब्रश फंसा देता है।
जिसकेे बाद में वे कैनवास में लकीरे उकेरते हैं और फिर उसमें विभिन्न रंग बिखेर देते हैं। उन रंगों में ब्रश डूबोते हैं और कांपते हाथों से कैनवास में उकेरे लकीरों को रंगों से भर देते हैं। एक पूरी तस्वीर को बनने में चार से पांच दिन लग जाते हैं।
अब तक मिल चुके है कई सम्मान :
बसंत साहू को उनकी प्रतिभा के लिए अब तक कई बड़े सम्मानों से नवाजा जा चुका है। छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यपाल केएम सेठ ने सांस्कृतिक रत्न, लखनऊ के राष्ट्रीय लोक कला महोत्सव, दिल्ली के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, दाऊ रामचन्द्र देशमुख स्मृति बहुमत सम्मान, सौरभ कला सम्मान, पंडित शंभूनाथ मिश्रा शिखर सम्मान सहित कई संगठनों व संस्थाओं से सम्मानित हो चुके हैं। कई अहम स्थानों पर अपनी तस्वीरों की प्रदर्शनी लगा चुके हैं।