Appointment in Corporation: निगम-मंडल में नियुक्तियों पर कांग्रेस में असंतोष, भाजपा ने उठाए सवाल
Appointment in Corporation: आपराधियों को पद देकर उपकृत करने का लगाया आरोप। सरकार को ठगों-धोखेबाजों के लिए अलग से एक प्रकोष्ठ बनाने का सुझाव दिया।
By Shashank.bajpai
Edited By: Shashank.bajpai
Publish Date: Sun, 18 Jul 2021 02:30:27 PM (IST)
Updated Date: Sun, 18 Jul 2021 02:30:27 PM (IST)

रायपुर, राज्य ब्यूरो। Appointment in Corporation: निगम-मंडल और प्राधिकरणों में नियुक्ति के साथ ही कांग्रेस में नाराजगी भी सामने आने लगी है। कुछ नाराज नेताओं ने पद लेने से ही मना कर दिया है। इन नियुक्तियों को लेकर भाजपा भी हमलावर हो गई है। पार्टी ने कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष के अनुमोदन से सूची जारी करने पर सवाल खड़े किए हैं। साथ ही सरकार पर आपराधियों को पद देकर उपकृत करने का आरोप लगाया है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव का कहना है कि कांग्रेस की सरकार ने ठगी-धोखाधड़ी के आपराधिक चरित्र के और दहेज मामले में जेल जा चुके एक सजायाफ्ता को पद देकर उपकृत करने का शर्मनाक कृत्य किया है। इस नियुक्ति सूची को कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी द्वारा अनुमोदित बताकर बकायदा उसकी अनुशंसा मुख्य सचिव को करने संबंधी प्रेस विज्ञप्ति भी जारी की गई है। सिंहदेव ने पूछा है कि क्या कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी अब ऐसे लोगों की नियुक्ति का अनुमोदन करने लगी हैं?
और, यदि ऐसा है तो अब कांग्रेस और उसकी प्रदेश सरकार को ठगों-धोखेबाजों के लिए अलग से एक प्रकोष्ठ और विभाग ही बना लेना चाहिए। सिंहदेव ने नियुक्तियों को लेकर कांग्रेस में मचे घमासान के मद्देनजर भी कहा कि यह कांग्रेस के उस राजनीतिक चरित्र का प्रदर्शन है, जिसमें कार्यकर्ताओं की भावनाओं की उपेक्षा करके अपने मनमाने फैसले लादे जाने की प्रवृत्ति हावी है।
सिंहदेव ने कहा कि शाकंभरी बोर्ड में जिस रामकुमार पटेल को अध्यक्ष पद देकर सम्मानित किया गया है, वह पटेल दरअसल न केवल ठगी का घोषित अपराधी अपितु दहेज हत्या के मामले में सात साल की सजा तक भुगता हुआ बताया गया है।