
अखिल शर्मा, रायपुर। दिवाकर अस्पताल से बच्चों की खरीद-बिक्री मामले में आइवीएफ सेंटरों से ग्राहक ढूंढे जाते थे। पुलिस द्वारा गठित एसआईटी की जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आइवीएफ सेंटरों के कर्मचारी रुपये के लालच में निःसंतान दंपतियों की जानकारी आरोपितों को देते थे।
पुलिस के अनुसार, मामले में गिरफ्तार पुरुष नर्स IVF सेंटर में ब्लड सैंपलिंग का काम करता था, जो वहां का डाटा बेचता था। इस तथ्य के आने के बाद अब पुलिस आइवीएफ सेंटरों की जांच की तैयारी कर रही है। वहीं, इस मामले में अब दिवाकर अस्पताल के लाइसेंस को निरस्त कर दिया गया है। अस्पताल पर कानूनी कार्रवाई की भी तैयारी की जा रही है। मामले में अब तक छह लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
बताया जा रहा है कि बच्चों की डिलीवरी कराने और फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के मामले में गिरफ्तार आरोपित महानंद कई निजी अस्पतालों में पीआरओ यानी जनसंपर्क अधिकारी के रूप में काम कर चुका है। अस्पतालों के प्रचार-प्रसार के दौरान दिवाकर अस्पताल के संचालक डॉ. बीआर दिवाकर से समझौते के आधार पर उसने एक लाख रुपये के मासिक किस्त पर किराये पर लिया था। यहीं से उसने बच्चों की खरीद-बिक्री शुरू की।
नईदुनिया की पड़ताल में सामने आया कि दिवाकर मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल गोगांव स्थित बसंत विहार के मुख्य गेट से करीब दो किलोमीटर दूर एक गली के अंदर तीन मंजिला मकान में चल रहा है। अस्पताल के बाहर लगे बोर्ड पर मेडिसिन, शिशु रोग, स्त्री रोग, हड्डी रोग, न्यूरो, यूरो, कार्डियो और छाती रोग समेत कई विभागों का उल्लेख था, लेकिन किसी डॉक्टर का नाम दर्ज नहीं था।
20 दिन पहले सुंदरगढ़ की गर्भवती की मुलाकात रायपुर निवासी कृतिका साहू से हुई थी। कृतिका ने निःशुल्क इलाज और डिलीवरी का झांसा देकर उसे रायपुर बुलाया और गीतिका व अहिल्या से मिलवाया। चार नवंबर को प्रसव के बाद महिला और नवजात को अहिल्या के घर बंधक बना लिया। आरोपितों ने उसकी सहमति के बिना बच्चे को बेचने की कोशिश की, लेकिन रकम के बंटवारे को लेकर हुए विवाद के बाद मामला खुल गया।
आरोपित 2024 से सक्रिय थे। इनका नेटवर्क आठ राज्यों तक फैला था। इस आधार पर पुलिस को 100 से अधिक बच्चों को बेचने की आशंका है। निःसंतान दंपती खरीदार होते थे, वहीं अक्षम महिलाओं को पैसे का लालच देकर उनसे नवजात लिए जाते थे।
20 दिन पहले सुंदरगढ़ की गर्भवती की मुलाकात रायपुर निवासी कृतिका साहू से हुई थी। कृतिका ने मुफ्त इलाज और डिलीवरी का झांसा देकर उसे रायपुर बुलाया और गीतिका व अहिल्या से मिलवाया। चार नवंबर को प्रसव के बाद महिला और नवजात को अहिल्या के घर बंधक बना लिया। आरोपितों ने उसकी सहमति के बिना बच्चे को बेचने की कोशिश की, लेकिन रकम के बंटवारे को लेकर हुए विवाद के बाद मामला खुल गया। अब तक डॉ. खीर सिंधु महानंद समेत छह आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं। वाट्सएप चैट और पूछताछ से बच्चों के सौदे का राजफाश हुआ। आरोपित 2024 से सक्रिय थे, इसलिए अब पुलिस को 100 से अधिक बच्चों को बेचने आशंका है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और खरीदारों की तलाश कर रही है।
अस्पताल पर कार्रवाई के लिए अब सीएमएचओ को पत्र लिखा गया है। अभी खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य साक्ष्यों को लेकर जांच की जा रही है।
- राहुल देव शर्मा, एडीसीपी, वेस्ट जोन रायपुर
मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही है। जांच के बाद जो रिपोर्ट सामने आएगी उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. गौरव सिंह, कलेक्टर
अस्पताल पर कार्रवाई के लिए अब सीएमएचओ को पत्र लिखा गया है। अभी खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य साक्ष्यों को लेकर जांच की जा रही है। आरोपितों ने अब तक कितने बच्चों की खरीद-फरोख्त की है, इसकी जांच चल रही है।
- अर्चना धुरंधर, थाना प्रभारी, आजाद चौक