दीपावली और छठ पूजा पर दुर्ग और निजामुद्दीन के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, जान लीजिए तारीख और शेड्यूल
दीपावली और छठ पर्व पर अतिरिक्त भीड़ नियंत्रण हेतु रेलवे दुर्ग निजामुद्दीन के मध्य तीन फेरों की पूजा स्पेशल ट्रेन चलाएगा जिससे यात्रियों को सुगम यात्रा और कंफर्म बर्थ मिलेगी।
Publish Date: Wed, 28 Oct 2026 05:13:39 PM (IST)Updated Date: Wed, 28 Oct 2026 05:15:21 PM (IST)
दुर्ग निजामुद्दीन के बीच चलने वाले विशेष ट्रेन की प्रतीकात्मक तस्वीर। - एआईHighLights
- दुर्ग और निजामुद्दीन के बीच तीन फेरे चलेगी
- दीपावली और छठ पर्व पर मिलेगी कंफर्म सीट
- ट्रेन में उपलब्ध होंगे कुल बीस यात्री कोच
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। आगामी दीपावली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कदम उठाया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) ने यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और कंफर्म बर्थ के साथ यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग के मध्य तीन-तीन फेरों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। इस पूजा स्पेशल ट्रेन के परिचालन से छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की यात्रा करने वाले यात्रियों को त्योहार के समय राहत मिलेगी।
रेलवे प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 08751 दुर्ग-निजामुद्दीन पूजा स्पेशल ट्रेन दुर्ग रेलवे स्टेशन से प्रत्येक रविवार यानी 01, 08 एवं 15 नवम्बर 2026 को रवाना होगी। वहीं वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 08752 निजामुद्दीन-दुर्ग पूजा स्पेशल ट्रेन हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से प्रत्येक सोमवार यानी 02, 09 एवं 16 नवम्बर 2026 को चलाई जाएगी। इस ट्रेन के संचालन से विशेषकर छठ और दीपावली के मौके पर घर जाने वाले और पर्व मनाकर वापस लौटने वाले यात्रियों को कंफर्म सीट मिल सकेगी।
समय-सारिणी और प्रमुख ठहराव
गाड़ी संख्या 08751 दुर्ग-निजामुद्दीन स्पेशल ट्रेन दुर्ग स्टेशन से सुबह 10.45 बजे रवाना होगी। इसके बाद यह रायपुर (11.20/11.25 बजे), उसलापुर (13.20/13.30 बजे), पेंड्रारोड (14.55/14.57 बजे), अनूपपुर (15.40/15.45 बजे), शहडोल (16.20/16.22 बजे) और उमरिया (17.14/17.16 बजे) पहुंचेगी। इसके आगे कटनी मुड़वारा (19.40/19.50 बजे), दमोह (20.50/20.52 बजे) तथा सागर (22.00/22.05 बजे) होते हुए दूसरे दिन वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी (03.25/03.35 बजे), आगरा कैंट (07.10/07.15 बजे), मथुरा (08.55/09.00 बजे) और सुबह 11.10 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।
वापसी की समय सारिणी
वापसी में गाड़ी संख्या 08752 निजामुद्दीन से दोपहर 12.30 बजे प्रस्थान करेगी। रास्ते में यह ट्रेन मथुरा (14.15/14.20 बजे), आगरा कैंट (15.10/15.15 बजे), झांसी (19.50/19.55 बजे), सागर (23.50/23.55 बजे) तथा दूसरे दिन दमोह (01.00/01.02 बजे), कटनी मुड़वारा (02.45/02.55 बजे), उमरिया (04.18/04.20 बजे), शहडोल (05.38/05.40 बजे), अनूपपुर (06.30/06.35 बजे), पेंड्रारोड (07.15/07.17 बजे) और उसलापुर (09.45/09.55 बजे) पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन रायपुर दोपहर 12.10 बजे पहुंचेगी और 13.45 बजे दुर्ग स्टेशन पहुंचेगी।
कुल 20 कोच और यात्रियों के लिए निर्देश
त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन में कुल 20 कोच की व्यवस्था की गई है। इस रैक में 02 एसएलआरडी, 04 सामान्य (जनरल), 11 स्लीपर, 02 एसी-थ्री तथा 01 एसी-टू कोच शामिल रहेंगे। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व संचालन दिवस, समय-सारिणी और ठहराव की पुष्टि हेतु रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, NTES अथवा रेलवन ऐप का उपयोग करें।