
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय और आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। रायपुर, बिलासपुर और राजनांदगांव समेत कई जिलों में EOW और ED की टीमों ने एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी है। सुबह से ही अलग-अलग टीमों द्वारा दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। इस कार्रवाई से प्रदेश में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार राजधानी रायपुर में 3 से 4 जगहों पर ईडी की दबिश हुई है। टीम ने चुनिंदा ठिकानों को घेर कर तलाशी शुरू की है। यह कार्रवाई CGMSC और कोल मामले से जुड़ी हुई है। टीम को अहम दस्तावेज और लेनदेन से जुड़े साक्ष्य मिलने की उम्मीद है। कार्रवाई अभी जारी है।
छत्तीसगढ़ में EOW और ED की कार्रवाई के तहत राजधानी रायपुर के वीआईपी स्टेट में सुदर्शन शर्मा के घर एसीबी / ईओडब्ल्यू की टीम ने दबिश दी है। सुदर्शन शर्मा का रियल एस्टेट से जुड़ा कारोबार है। टीम शराब घोटाला मामले में जांच के लिए पहुंची है। इसके साथ ही अवंती विहार इलाके में प्रॉपर्टी डीलर विनोद धानेचा के ठिकाने पर भी दबिश जारी है।
राजनांदगांव में भी आर्थिक अपराध शाखा ने सुबह 7 बजे दबिश दी है। टीम दो अलग-अलग गाड़ियों में लगभग 10 अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों के साथ पहुंची है। पहला ठिकाना सनसिटी स्थित कारोबारी वैभव गोलछा का निवास है। दूसरा ठिकाना लाल बाग क्षेत्र स्थित कारोबारी जय बग्गा का है।
जांच अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी है। दोनों कारोबारी पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा के करीबी और व्यावसायिक संबंधों से जुड़े बताए जा रहे हैं। रायपुर, बिलासपुर और राजनांदगांव समेत कई जिलों में एक साथ दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में ई-बसों पर डिपो का ब्रेक, रायपुर-बिलासपुर में कब चलेंगी; जानें अपडेट