
रायपुर। ED Raid in Chhattisgarh: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में एक साथ छापा मारा है। इस बार ईडी के निशाने पर महादेव आनलाइन सट्टा के संचालकों के करीबी हैं। खबरों के अनुसार ईडी की टीम ने सोमवार की सुबह राइस मिल, पेट्रोल पंप कारोबारी, एडवोकेट सहित ट्रांसपोर्टर के ठिकानों पर दबिश दी है। बताया जा रहा है कि ईडी ने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा और रायगढ़ में दबिश दी है।
रायपुर के अशोका रत्न के अंदर 32 बंगला में कारोबारी दमानी के यहां ईडी टीम पहुंची है। बताया जा रहा है कि इनका राइस मिल, पेट्रोल पंप समेत सप्लाई का काम है। स्वर्णभूमि स्थित वकील पीयूष भाटिया के घर पर ईडी ने दबिश दी है।
ईडी की टीम के द्वारा सीआरपीएफ के जवानों के साथ भिलाई में करीब 4 से 5 ठिकानों पर छापा मारा है। जिसमें महादेव आनलाइन सट्टा ग्रुप के लिए काम करने वाले बड़े खिलाड़ी सतनाम सिंह के शांति नगर का घर शामिल है। ईडी टीम के द्वारा सुरक्षा बलों के साथ शांति नगर सड़क 5 स्थित सतनाम सिंह के घर में घुसकर जांच प्रारंभ कर की गई।
इसके अलावा महादेव सट्टा एप के संचालक रवि उप्पल के भाई रोहित उप्पल के हाईटेक हस्पताल के समीप स्थित घर पर भी ईडी की टीम पहुंची। इसी तरह से भिलाई के फरीद नगर में रहने वाले कैबिनेट मंत्री के करीबी मोहम्मद सद्दाम उर्फ बच्चा खान के घर पर छापा मारा गया है। दो से तीन गाड़ियों में ईडी के अफसर पहुंचे थे। ईडी की जांच जारी है। रायपुर के अशोका रत्न में रहने वाले एक ज्वैलर और पेट्रोल पंप संचालक, दो जगह कार्रवाई की खबर है।