
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया. रायपुर। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने शुक्रवार को कोल लेवी, आबकारी शराब और छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कारपोरेशन (सीजीएमएससी) के माध्यम से की गई मेडिकल उपकरणों की खरीदी में हुए घोटालों की जांच से जुड़ी कार्रवाई की। जांच एजेंसी की टीम ने राज्य के छह जिलों के अंतर्गत आने वाले कुल 16 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ सुनियोजित तरीके से छापेमारी की।
रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, कोरबा, गरियाबंद और राजनांदगांव जिलों में ईओडब्ल्यू की अलग-अलग विशेष टीमों ने सुबह सवेरे ही कारोबारियों के रिहायशी मकानों और उनके व्यावसायिक कार्यालयों को खंगालना शुरू कर दिया था।
राजधानी रायपुर में शराब घोटाले के मुख्य आरोपित अनवर ढेबर के घर एक बार फिर से केंद्रीय और राज्य स्तरीय जांच एजेंसी ने दबिश दी है। अवंति विहार क्षेत्र में प्रापर्टी डीलर विनोद धनेचा के व्यावसायिक ठिकानों पर भी जांच टीम देर शाम तक दस्तावेज खंगालने में जुटी रही। जांच एजेंसियों के अनुसार विनोद धनेचा को अनवर ढेबर का करीबी निवेशक माना जाता है।
रायपुर के वीआईपी एस्टेट स्थित सुदर्शन हाउस में रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के आवास पर सुबह से ही छानबीन की गई। वहीं दूसरी ओर, गरियाबंद जिले के नवापारा-राजिम क्षेत्र में स्थित शांति विजय ज्वेलर्स और नवकार ज्वेलर्स के संचालक विमल पारख तथा राजा पारख के ठिकानों पर मेडिकल उपकरण खरीदी घोटाले के सिलसिले में औचक तलाशी ली गई। इन सभी स्थानों से जांच टीमों ने घोटाले से जुड़े संदिग्ध दस्तावेजों, संपत्तियों के रजिस्ट्री पेपर्स और कई महत्वपूर्ण डिजिटल उपकरणों को अपने कब्जे में लिया है।
ईओडब्ल्यू की इस छानबीन के दौरान पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा के करीबी माने जाने वाले कारोबारी जय बग्गा और वैभव गोलछा के माध्यम से राजनांदगांव जिले में किए गए करोड़ों रुपए के निवेश का मामला भी पूरी तरह सामने आया है। डोंगरगांव और छुरिया तहसीलों के अंतर्गत आने वाली सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि की जानकारी भी अब सीधे तौर पर जांच के दायरे में ले ली गई है।
बग्गा के होटल रैलीज और रैलीज मोटो प्लांट का उद्घाटन पूर्व मंत्री कवासी लखमा द्वारा क्रमशः दिसंबर 2020 और अगस्त 2022 में किया गया था। इसके अतिरिक्त कोल लेवी मामले में भिलाई तीन के ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह एवं संतोष सिंह, कोरबा जिले के कटघोरा पालिका अध्यक्ष राजा जायसवाल, नगर सैनिक दिलीप केंवट और बिलासपुर के कोल कारोबारी शाहबाज खान के उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू निवास पर भी छापे मारे गए हैं। जब्त किए गए डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।