
रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के दौरान किसान संगठन सरकार के खिलाफ अभियान चलाने की तैयारी में हैं। छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन ने अगस्त से अक्टूबर तक आंदोलन करने की योजना तैयार की है। यही वह समय है जब प्रदेश में राजनीतिक दल चुनावी तैयारियों में जुटे रहेंगे। नवंबर में चुनाव संभावित है।
ऐसे में अक्टूबर में चुनाव प्रचार की तेजी रहेगी। इसी बीच किसानों ने दुर्ग में राष्ट्रीय सम्मेलन बुलाने की घोषणा की है। छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के संयोजक राजकुमार गुप्त ने बताया कि कर्ज के लंबी अवधि के ऋण में कन्वर्जन पर किसानों से 13 प्रतिशत ब्याज वसूला जा रहा है।
कर्ज नहीं पटा पाने वाले किसानों को खाद बीज से वंचित किया जा रहा है। बीमा से मिलने वाली राशि का समायोजन किसानों के कर्ज में किया जा रहा है। इन मुद्दों को लेकर किसान राज्य सरकार के मंत्रियों से गुहार लगाएंगे। डीएपी खाद के दाम में 90 रुपये की वृद्घि से किसान परेशान हैं।
इन मुद्दों को लेकर 9 अगस्त से 15 अगस्त तक वादा पूरा करो सरकार सप्ताह मनाया जाएगा। 26 जुलाई से कश्मीर से शुरू होकर कन्याकुमारी तक चलने वाली राष्ट्रीय किसान महासंघ की यात्रा छत्तीसगढ़ से होकर गुजरेगी। यह यात्रा दो दिन तक छत्तीसगढ़ में रहेगी। इस दौरान दुर्ग सहित तीन जगहों पर किसान सभाओं का आयोजन किया जाएगा।
अक्टूबर में यशवंत सिन्हा को बुलाने की तैयारी-
किसान संगठन ने 27 व 28 अक्टूबर को दुर्ग में दो दिवसीय किसान महापंचायत बुलाने का एलान किया है। इस आयोजन में पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा और राष्ट्रीय स्तर के किसान नेताओं को आमंत्रित किया जा रहा है। किसानों का आरोप है कि राज्य सरकार ने पिछले चुनाव में जो वादे किए थे उसे पूरा नहीं किया। केंद्र सरकार ने भी वादों को पूरा करने पर ध्यान नहीं दिया है।
राजनांदगांव में चना किसानों का आंदोलन-
मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र राजनांदगांव के किसान पिछले कई दिनों से चना का समर्थन मूल्य घोषित करने की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। सरकार ने उनकी सुध नहीं ली लिहाजा अब किसान मुख्यमंत्री मुंह तो खोलो-कुछ तो बोलो नारा लगा रहे हैं। चना की फसल का उचित मूल्य न मिलने किसान नाराज हैं।