
रायपुर। Female Insult: कांग्रेसी पार्षद के नेमप्लेट पर तीन साल के मासूम ने खेल-खेल में स्क्रैच क्या मारा, उसके साथ उसके माता-पिता पर कहर टूट पड़ा। पहले नेताजी के बेटे ने पिटा, फिर नेताजी ने मासूम के मां-बाप को तलबकर खूब खरी-खोटी सुनाई, इससे भी जी नहीं भरा तो महिला को थप्पड़ों से मार कर जलील किया। पूरा मामला सीसी कैमरे में कैद हो गया है।
यह मामला रायपुर जिले के गोबरा नवापारा इलाके का है। दरअसल बुधवार को नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 16 के कांग्रेस पार्षद मंगराज सोनकर की कार में लगे नेमप्लेट पर वार्ड में रहने वाली दुर्गा साहू के तीन साल के बेटे ने खेल-खेल में खरोच मार दिया था। स्क्रेच मारने से क्रोधित पार्षद के बेटे ने पहले मासूम की पिटाई कर चुका था। शाम को जब पार्षद घर आए तो उन्हें भी स्क्रेच लगने की जानकारी हुई।
गुस्साए नेताजी ने उसके माता-पिता को बुलाया। पहले जमकर खरी खोटी सुनाई। साहू दंपती मासूम की गुस्ताखी के लिए माफी भी मांगता रहा, लेकिन गुस्से से लाल पार्षद ने महिला को तमाचा जड़ दिया। बचाव में आए पति को भी धक्का मारा। यह सारा घटनाक्रम वार्ड में लगे सीसी कैमरे में कैद हो गया है। पीड़ित परिवार मामले की शिकायत लेकर गुरुवार को गोबरा थाना में अपराध पंजीबद्ध कराया है।
गोबरा नवापारा पुलिस थाना प्रभारी कृष्णचंद सिदार ने बताया कि थाने में महिला ने पार्षद के द्वारा मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिस पर धारा 294, 506, 323 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने जल्द ही आरोपित की गिरफ्तारी करने की बात कही है।