
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी के अमलीडीह इलाके में धर्मांतरण के दबाव और मारपीट का मामला सामने आया है। इस मामले में न्यू राजेंद्र नगर थाने में दो महिलाओं के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 2026 की धारा 16(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार परिवार पर धर्म परिवर्तन के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि परिवार की छोटी बेटी का पहले ही धर्म परिवर्तन कराया जा चुका है। अब 16 वर्षीय बेटे को भी धर्म परिवर्तन के लिए प्रलोभन दिया जा रहा है।
शिकायतकर्ता का दावा है कि ईसाई धर्म नहीं अपनाने पर परिवार के साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई। इसके साथ ही मोबाइल तोड़ने, घर में ताला लगाने और इलाज के लिए बाहर नहीं जाने देने की भी शिकायत की गई है। पीड़ित परिवार ने इस पूरे मामले की शिकायत न्यू राजेंद्र नगर थाने में दर्ज कराई है।
पुलिस ने इस मामले में विशाखा मसीह और दुलारी साहू के खिलाफ FIR दर्ज की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 2026 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।