
रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। Fit India Freedom Run: केंद्रीय विद्यालय क्रमांक दो रायपुर में विनोद कुमार उपायुक्त केंद्रीय विद्यालय संगठन क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के मुख्य आतिथ्य और सहायक आयुक्त द्वय बिरजा मिश्रा, अशोक कुमार मिश्रा एवं प्राचार्य प्रभा मिंज की उपस्थिति में ‘फिट इंडिया फ्रीडम रन 2021’ का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम 13 अगस्त से प्रारम्भ होकर दो अक्टूबर 2021 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के दिन संपन्न होगा।
सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं उपस्थित छात्रों ने स्पोर्ट्स टीचर के नेतृत्व में यह प्रतिज्ञा ली कि हम अपने आप को स्वस्थ रखने के लिए प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा फिजिकल एक्सरसाइज करेंगे। अपने आस-पास के वातावरण को साफ रखेंगे तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत पर्वों का देश है। यहां के लगभग अधिकांश पर्वों में खेल कूद का अपना विशेष महत्व रहा है।
विभिन्न अवसरों पर कुश्ती, कब्बडी, दौड़, रिले रेस, ऊंची कूद, रस्सी कूद, फुटबॉल, क्रिकेट आदि क्रीड़ा प्रतियोगिता इसलिए आयोजित किए जाते हैं, ताकि हम शारीरिक रूप से स्वस्थ रहें। हमारा देश युवाओं का देश माना जाता है। यहां युवाओं की संख्या अन्य देशों की तुलना में अधिक संख्या में है। ये युवा एवं देश के सभी नागरिक स्वस्थ रहें इसलिए भारत सरकार ने फिट इंडिया फ्रीडम रन की मुहिम चलाई है।
हम सबको इस मुहिम में अपना योगदान देकर इसे सफल बनाना है। समाज या देश में आयोजित बहुत से कार्यक्रम ऐसे होते हैं, जिसके करने से दूसरों को फायदा होता है। मगर, फिट इंडिया फ्रीडम रन ऐसा कार्यक्रम है जिसमें सम्मिलित होने से खुद हमें फायदा होगा। इसलिए आप सभी अपने लिए कम से कम आधा घंटे का समय निकालकर फिजिकल एक्सरसाइज करें तथा बच्चे कम से कम प्रतिदिन 40 मिनट या तो गेम्स पीरियड में या अपनी रुचि के अनुसार किसी न किसी आउटडोर गेम्स के लिए समय निकालें।
मैं सबके सुखद एवं स्वस्थ जीवन के लिए शुभकामनाएं देता हूं। इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय क्रमांक दो के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं, क्षेत्रीय कार्यालय के सभी कर्मचारी एवं दसवीं, बारहवीं के कुछ छात्र-छात्राएं उपस्थित थीं । प्रतिज्ञा लेते समय कोविड 19 के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह से पालन किया गया।