रायपुर। Raipur News: बीते कुछ दिनों में देश के विभिन्न क्षेत्रों के साथ ही छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है और कोहरे के कहर के चलते फ्लाइटों के घंटों लेटलतीफ होने और रद होने का सिलसिला शुरू हो गया है। हवाई यात्रियों को इसके चलते काफी परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है। ऐसा ही मामला बुधवार को रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में हुआ जब दिल्ली, मुंबई व बैंगलुरू फ्लाइट अचानक रद किए जाने से यात्रियों ने विमानतल में जमकर हंगामा मचाया।
यात्रियों में ज्यादा नाराजगी इस बात की थी कि विमानन कंपनी द्वारा उन्हें पहले से फ्लाइट के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई और केवल यह बोला जाता रहा कि कोहरे की वजह से फ्लाइट विलंब है। विमानन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को रायपुर से दिल्ली की इंडिगो फ्लाइट क्रमांक 6ई5215 और रायपुर से बैंगलुरू 6ई 0979 के साथ ही मुंबई की फ्लाइट भी मौसम में खराबी के कारण विलंब से चल रही थी। उसके बाद बिना किसी सूचना के इन फ्लाइटों को रद कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि इंडिगो के अधिकारियों व यात्रियों के बीच जमकर बहसबाजी हुई। इंडिगो के अधिकारी यात्रियों को ले जाने के लिए ठंड में बाहर ले गए लेकिन काफी समय तक टैक्सी की व्यवस्था ही नहीं हो सकी, इसके चलते यात्रियों में और ज्यादा नाराजगी हुई। इंडिगो कर्मचारियों ने देर शाम तक यात्रियों को होटल पहुंचाया और बहुत से यात्रियों के जाने के लिए दूसरी फ्लाइट अरेंज की। विमानन कंपनी के अधिकारियों ने इस संबंध में कुछ भी कहने से इन्कार किया।