रायपुर।राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने पहली बार पहली और दूसरी के बच्चों को आकर्षक कलर प्रश्न पत्र देने का प्रस्ताव तैयार किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों में किसी भी प्रश्न को समझने के लिए कलर प्रश्न पत्र का होना जरूरी है। दिसंबर में होने जा रहे राज्य स्तरीय आकलन (स्टेट लेवल असेसमेंट) परीक्षा के लिए विभाग तैयारी कर रहा है। पहली बार पहली से आठवीं तक के बच्चों के राज्य स्तरीय योगात्मक आकलन के लिए सैंपल पेपर भी एससीईआरटी की वेबसाइट़इ www.scert.cg.gov.in पर अपलोड किया जाएगा। वेबसाइट से शिक्षक प्रश्न पत्र डाउनलोड करके बच्चों की परीक्षा ले सकेंगे। एससीईआरटी ने योगात्मक आकलन के लिए सैंपल पेपर बनाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इससे बच्चों को परीक्षा में किस तरह के प्रश्न आते हैं, इसका अभ्यास हो जाएगा। इस बार भी पिछली बार की तरह कॉपियों का मूल्यांकन करने के बाद बच्चों के अंकों की एंट्री ऑनलाइन टीम्स एप के जरिए होगी।
देश भर के लिए पेश किया नया फार्मूला
एससीईआरटी ने पहली से लेकर आठवीं तक के बच्चों की शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत होने वाले रचनात्मक (फारमेटिव) आकलन और सावधिक (पिरियोडिक) आकलन के लिए पहली बार ऑनलाइन डिजिटल माध्यम का प्रयोग किया। इससे राज्य सरकार ने टीम्स टी एप कुछ महीने पहले ही लांच किया है। इसकी खासियत यह है कि इसमें प्रदेश के हर शिक्षक को लॉगइन और पासवर्ड दिया गया है। बता दें कि स्टेट लेवल असेसमेंट(एसएलए) की तारीफ देश भर में हो चुकी है।
नौ दिसंबर से होगी बच्चों की परीक्षा
राज्य के सरकारी स्कूलों में पहली से आठवीं तक के बच्चों का राज्य स्तरीय योगात्मक आकलन अगले महीने नौ दिसंबर से शुरू होगा। हिंदी और सीबीएसई अंग्रेजी माध्यम के सभी सरकारी स्कूलों में पहली से आठवीं तक के राज्य स्तरीय योगात्मक आकलन एसए-1 की समय सारिणी जारी हो गई है। इसके अनुसार आकलन नौ से 14 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। प्राथमिक स्तर पर कक्षा एक और दो का आकलन नौ दिसंबर से 11 दिसंबर तक और तीसरी से पांचवीं तक का आकलन नौ से 12 दिसंबर तक होगा। पूर्व माध्यमिक स्तर पर छठवीं से आठवीं तक का आकलन नौ से 14 दिसंबर तक होगा। परीक्षा में 35 लाख से अधिक बच्चे शामिल होंगे। कक्षा पहली और दूसरी का आकलन सुबह 9 बजे से 11 बजे तक किया जाना है। पहली और दूसरी का हिंदी नौ दिसंबर, अंग्रेजी 10 दिसंबर और गणित का आकलन 11 दिसंबर को होगा। तीसरी से पांचवीं तक का आकलन सुबह नौ से 11 बजे तक किया जाना है। तीसरी से पाचंवी तक 9 दिसंबर को हिंदी , 10 दिसंबर को अंग्रेजी, 11 दिसंबर को गणित और 12 दिसंबर को पर्यावरण विषय का आकलन किया जाएगा। पूर्व माध्यमिक स्तर पर छठवीं से आठवीं तक का आकलन सुबह 9 बजे से 11.30 बजे तक किया जाना है। हिंदी का आकलन नौ दिसंबर को, अंग्रेजी का 10 दिसंबर, गणित का 11 दिसंबर, विज्ञान का 12 दिसंबर, संस्कृत/उर्दू का आकलन 13 दिसंबर और सामाजिक विज्ञान का आकलन 14 दिसंबर को किया जाएगा।
पहली, दूसरी के बच्चों को कलर पर्चा देने का प्रस्ताव रखा गया है। इस पर जल्द ही फैसला ले लिया जाएगा। अगली परीक्षा से ही लागू कर सकते हैं। - डॉ. सुनीता जैन, अतिरिक्त संचालक, एससीईआरटी