
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। गुढ़ियारी के कलिंग नगर में पड़ोसी और पूर्व प्रेमी पर महिला के घर में घुसकर उसके एक वर्ष दो माह के बेटे के अपहरण का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए अपहृत मासूम की नागपुर से सकुशल रिहाई करा ली है। अपहर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने मंगलवार 22 सितंबर को शिकायत की थी कि पवन साहू उनके कलिंग नगर स्थित आवास के पास रहता है। वे अपने पति और दो बच्चों के साथ रहती हैं।
22 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे वह घर की दूसरी मंजिल पर स्थित रसोई में खाना बना रही थी। उसका छोटा बेटा पृथ्वी ध्रुव पास में फर्श पर खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला पवन साहू लोहे की पाइप लेकर घर में घुस गया।
शिकायत के अनुसार पवन ने महिला को अपने साथ चलने के लिए कहा। महिला ने जाने से इनकार किया तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद वह बच्चे को अपने साथ ले जाने लगा। महिला ने बच्चे को रोकने का प्रयास किया तो पवन ने लोहे की पाइप से मारने और जान से खत्म करने की धमकी दी। महिला के मुताबिक पवन बच्चे को उठाकर घर से बाहर निकल गया और वहां से फरार हो गया। महिला ने उसके पीछे जाकर तलाश की, लेकिन वह गली में नहीं मिला। इसके बाद महिला ने फोन कर अपने पति को जानकारी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पवन साहू के खिलाफ बच्चे को जबरन ले जाने, घर में घुसने, गाली-गलौज, धमकी देने और महिला को डराने-धमकाने से संबंधित प्रकरण दर्ज किया है।
महिला ने पुलिस को बताया कि पवन साहू उसके पड़ोस में रहता है और करीब एक साल से उसकी पहचान थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे। अगस्त में वह अपने छोटे बेटे को साथ लेकर पवन के साथ नागपुर चली गई थी। महिला के अनुसार वह वहां पवन की नानी के घर करीब 20 दिन तक रही। बाद में रिश्तेदारों के बुलाने पर वह रायपुर लौट आई और अपने पति के साथ रहने लगी। पिछले एक महीने से वह पति और दोनों बच्चों के साथ कलिंग नगर स्थित घर में रह रही थी।
पुलिस ने बताया कि अपहरण की जानकारी मिलते ही विशेष टीम गठित की गईं। रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की सहायता से आरोपी के नागपुर की ओर जाने की सूचना मिली। फिर साइबर की टीम ने लोकेशन के आधार पर आरोपी को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया। बच्चे की सकुशल रिहाई करा कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।