
रायपुर। ग्राम पंचायतों में लाखों का विकास कार्य स्वीकृत कराने और फर्जी वर्क आर्डर थमा कर मुंगेली और कबीरधाम जिले के आठ सरपंचों से 12 लाख ठगने वाले गिरोह के तार मंत्रालय से जुड़े निकले हैं। ठगी के शिकार सरपंच और पंचायत प्रतिनिधियों ने पुलिस को दिए गए बयान में कहा कि पुलिस की गिरफ्त में आए गिरोह का मास्टर मांइड जांजगीर-चांपा जिले के जैजैपुर निवासी मनहरण चंद्रा, उसके साथी कैलाश खुंटे और जगदीश सुमन विश्वास में लेने के लिए फोन पर कई अफसरों से बात कराते थे।
हालांकि फोन पर कौन बात करता था, ये उन्हें पता नहीं होता था, लेकिन आरोपी कहते थे कि साहब से बात कर लो, काम हो जाएगा। इस खुलासे के बाद अब पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने जांच के घेरे में मंत्रालयीन कर्मचारियों को लिया है। तीनों आरोपियों के मोबाइल के कॉल डिटेल खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि गिरोह ने अन्य जिलों के पंचायत सरपंचों को भी इसी तरह से झांसे में लेकर पैसे ठगे हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरोह का सरगना मनहरण चंद्रा काफी शातिर है। अपने आप को वह मंत्रालय का बाबू बताकर सरपंचों को झांसे में लेता था। बाकी काम उसके साथी कैलाश, सुमन करते थे।
मीडियाकर्मी बन अफसरों से की दोस्ती
मनहरण चंद्रा एक मासिक समाचार पत्र का प्रकाशन भी करता रहा है। पत्र का संपादक बताकर मंत्रालय के विभिन्न दफ्तरों में उसने घुसपैठ बनाई। अफसरों, नेताओं, कर्मचारियों से दोस्ती की फिर ठगी का जाल फैलाया।
प्रदेश के विभिन्ना ग्राम पंचायतों से आने वाले विकास कार्य के प्रस्तावों की जानकारी हासिल करने के बाद सरपंच, पंचायत सचिव आदि का नंबर हासिल कर कॉल करके उन्हें लाखों का विकास कार्य का वर्क आर्डर जारी करने के एवज में दस से बीस फीसद कमीशन की डिमांड करता था। वह यह भी कहता था कि मेरे द्वारा मंत्री के जरिए आपके ग्राम पंचायत में विविध विकास कार्य स्वीकृत करवाकर वाट्सएप पर वर्क आर्डर भेजा जाएगा।
पंडरिया, बिलासपुर के सरपंचों को भी लगाया चूना
गिरोह के झांसे में आकर मुंगेली जिले की ग्राम पंचायत नागोपहरी के सरपंच जैत कुमार खांडेकर से 1.60 लाख रुपये, कबीरधाम जिले के ग्राम खुंटा (कुंडा) निवासी सरपंच प्रतिनिधि सुखचंद भास्कर से 3 लाख, जिलेन्द्र डाहिरे से 1 लाख, यशवंत चन्द्राकर से 75 हजार, चेतन राम शिवारे से 1 लाख 50 हजार, संतोष सोयाम से 1 लाख 20 हजार, मानिक लाल चन्द्राकर से 75 हजार, लालाराम से 70 हजार के अलावा पंडरिया, बिलासपुर के दस से अधिक सरपंचों से गिरोह ने लाखों रुपये ऐंठे हैं।