
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। गणेश उत्सव नजदीक है, लेकिन महादेवघाट के पास बन रहे विसर्जन कुंड का काम धीमी गति से चल रहा है। राजधानी और आसपास के इलाकों के सबसे बड़े विसर्जन कुंड के निर्माण की धीमी गति से रायपुर नगर निगम ने नाराजगी जताई है। शनिवार को नगर निगम के अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन से पहले कुंड तैयार कराने के निर्देश दिए। इसी कुंड में राजधानी और आसपास की दस हजार छोटी बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है।
इसके साथ ही वार्ड-दो, 20 और 70 में चल रहे निर्माण कार्यों की भी स्थिति देखी। कई जगह काम की गति कम मिली। इस पर उन्होंने कार्यादेश जारी होने के बाद भी काम पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। वार्ड-दो के अटल आवास परिसर, वार्ड 70 के सरोना और वार्ड 20 के कोटा में चल रहे कामों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों से कहा गया कि धीमे कामों में तेजी लाई जाए और उनकी लगातार निगरानी की जाए।
महादेवघाट के पास बन रहे विसर्जन कुंड का उपयोग गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए किया जाना है। उत्सव से पहले इसे तैयार करना जरूरी है। काम में देरी को देखते हुए अपर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को काम की निगरानी बढ़ाने और ठेकेदारों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए, क्योंकि अगर ठेकेदार ने लापरवाही बरती तो समय पर काम पूरा कराना चुनौती बन जाएगी।