गायत्री परिवार का चार साल में दो करोड़ नए देव परिवार बनाने का लक्ष्य, एक साल तक मनाएंगे नारी सशक्तीकरण वर्ष
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गृहे गृहे गायत्री यज्ञ अभियान और 2026 में गायत्री माता का जन्म शताब्दी वर्ष मनाया जाएगा।
By Ashish Kumar Gupta
Edited By: Ashish Kumar Gupta
Publish Date: Thu, 28 Apr 2022 11:02:18 AM (IST)
Updated Date: Thu, 28 Apr 2022 11:02:18 AM (IST)
गायत्री परिवार रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गृहे गृहे गायत्री यज्ञ अभियान और 2026 में गायत्री माता का जन्म शताब्दी वर्ष मनाया जाएगा। इसके लिए जागरूकता अभियान चलाने अखिल विश्व गायत्री परिवार हरिद्वार से ऋषि पुत्र राजधानी पहुंचे। गायत्री परिवार का अगले चार साल में दो करोड़ देव परिवार बनाने का लक्ष्य है।
समता कालोनी स्थित गायत्री शक्तिपीठ में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय युवा प्रकोष्ठ और सप्त क्रांति अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी केपी दुबे ने कहा कि विश्वभर में गृहे गृहे यज्ञ प्रारंभ किया जाएगा। अगले महीने बुद्ध पूर्णिमा को यज्ञ दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसी दिन से एक साल तक नारी सशक्तीकरण वर्ष मनाया जाएगा।
प्रदेश में 50 घरों में यज्ञ
कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि प्रदेशभर में एक साथ 50 हजार घरों मे यज्ञ कराने का प्रयास किया जाए। गृहे गृहे यज्ञ करा कर लगातार उनसे मेल मुलाकात कर गायत्री परिवार के उद्देश्यों पर चर्चा की जाए।
प्रकृति से छेड़छाड़ न करें
शांतिकुंज हरिद्वार से पहुंचे युवा प्रकोष्ठ के संयोजक आशीष सिंह ने कहा कि हमें युवाओं पर ज्यादा फोकस करना चाहिए क्योंकि युवा ही हमारे भावी भविष्य के निर्माता है। देवी देवताओं और प्रकृति के साथ छेड़खानी नहीं होनी चाहिए। यदि छेड़खानी हुई तो निश्चित ही वह बदला ले लेती है। कोरोना के रूप में हमें देखने को मिला कुछ समय पूर्व उत्तराखंड में आए व्यापक बाढ़ से जनहानि हुई वह प्रकृति से छेड़खानी का प्रभाव है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ जोन समन्वयक बहन आदर्श वर्मा, गायत्री शक्तिपीठ समता कालोनी के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी श्याम बैस, सुखदेव निर्मलकर, सहायक प्रबंधक ट्रस्टी सदाशिव हथमल, सीपी साहू उप जोन समन्वयक, लच्छू राम निषाद जिला समन्वयक, सरला कोसरिया, नरेंद्र आडिल, तोरन साहू, कोमल साहू, दिनेश निषाद समेत अनेक गायत्री परिवार के सदस्य शामिल थे।