World Environment Day 2021: गायत्री परिवार ने वेबिनार में दिया पौधरोपण करने का संदेश
World Environment Day 2021: इसे लेकर हुए वेबिनार में वृक्षारोपण की संभावनाएं, समस्याएं एवं उनका समाधान विषय पर चर्चा भी की गई।
By Shashank.bajpai
Edited By: Shashank.bajpai
Publish Date: Sat, 05 Jun 2021 09:10:00 PM (IST)
Updated Date: Sat, 05 Jun 2021 09:10:01 PM (IST)

रायपुर। World Environment Day 2021: अखिल विश्व गायत्री परिवार छत्तीसगढ़ इकाई ने पर्यावरण दिवस के मौके पर पर्यावरण बचाने का संदेश देने वेबिनार आयोजित किया। पर्यावरण को बचाकर ही जीवन को बचाया जा सकता है। इसे लेकर हुए वेबिनार में वृक्षारोपण की संभावनाएं, समस्याएं एवं उनका समाधान विषय पर चर्चा भी की गई। मुख्य अतिथि महापौर एजाज ढेबर, जिला समन्वयक लच्छु राम निषाद, कृषि वैज्ञानिक डॉ. कृष्ण कुमार साहू, हरीयाली दीदी, राष्ट्रीय नवाचारी कृषक सम्मान प्राप्त पुष्पा दीदी, जोन समन्वयक दिलीप पाणिग्रही ने विचार रखे।
कृषि वैज्ञानिक डॉ. साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ में रिक्त 20 फीसद बंजर भूमि पर कैसे भूमि और जल प्रबंधन के द्वारा वैज्ञानिक तरीके से बंजर भूमि को उपजाऊ उत्पादनशील जमीन बनाते हुए वृक्षारोपण किया जा सकता है। इससे रोजगार में भी सहायता मिल सकती है। वृक्षारोपण के उपरांत भी जो खाली जमीन बच जाती है, उस पर कैसे दलहन और तिलहन के बीज लगाकर रोजगार के साधन उपलब्ध कराए जा सकते हैं।
घर में लगाएं फल, सब्जी
पुष्पा साहू ने कहा कि गांव की महिलाएं भी अपने घरों में किचन गार्डन के द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम को आगे बढ़ा सकती हैं। इसमें घरों की छतों में ही फल फूल एवं औषधियों वाले पौधों को किस प्रकार से लगाया जाता है, इसकी जानकारी दी। घर की छत में ही मौसमी फल जैसे सेब, मौसंबी, सीताफल, नींबू, मुनगा एवं फूलदार तथा औषधि पौधे लगा सकते हैं।
कार्यक्रम में गायत्री परिवार के उपजोन समन्वयक सीपी साहू, सुखदेव देवांगन, अमित डोये, डॉ. घनश्याम पटेल, प्रज्ञा प्रकाश निगम, घनश्याम केशरवानी, राजेश शर्मा, गंगाराम सूर्यवंशी आदि शामिल हुए।