
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रायपुर से गुजरने वाली सात ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे। बिहार रूट की प्रमुख ट्रेनों के प्लेटफार्म में अस्थायी बदलाव किया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने बैठक के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए यह बदलाव किए हैं।
इसके तहत चार से 14 नवंबर तक रायपुर स्टेशन से प्रस्थान करने वाली बिहार की तीन प्रमुख ट्रेनें अब निर्धारित प्लेटफार्म के बजाय प्लेटफार्म नंबर सात से रवाना होंगी। इनमें दुर्ग–छपरा सारनाथ एक्सप्रेस, गोंदिया–बरौनी एक्सप्रेस और दुर्ग–आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस शामिल हैं। यात्री सहूलियत के लिए गुढ़ियारी साइड प्रवेश द्वार से सीधे प्लेटफार्म नंबर-सात पर पहुंच सकते हैं।
त्योहारी सीजन में दैनिक और छोटे स्टेशनों के यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को राहत देने के लिए पांच नवंबर से 15 नवंबर तक सात पैसेंजर ट्रेनों में दो-दो अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के कोच अस्थायी रूप से जोड़े जाएंगे। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि त्योहारी भीड़ के मद्देनजर यात्रा के दौरान समय का विशेष ध्यान रखें और असुविधा से बचने के लिए निर्धारित प्लेटफार्म व अतिरिक्त कोचों की स्थिति की जानकारी समय से प्राप्त कर लें।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में हटेंगे 3 साल से जमे 'बाबू', डीजीपी अरुणदेव गौतम ने बदले नियम, DDO की तय हुई जिम्मेदारी