
शाहरुख खान, नईदुनिया कांकेर। वाहन को ई-वे बिल के मामले में छोड़ने और प्रकरण में राहत देने के एवज में डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते स्टेट जीएसटी की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) जगदलपुर की टीम ने शनिवार को गिरफ्तार किया। रिश्वत की राशि मध्यस्थ इमरान मेमन के माध्यम से ली गई थी। एसीबी ने उसे भी प्रकरण में संलिप्त पाया है।
एसीबी के अनुसार, कांकेर निवासी शोएब रंगरेज ने शिकायत की थी कि जीएसटी विभाग में पदस्थ सहायक आयुक्त अंचला गिरी ने ई-वे बिल के संबंध में उसका वाहन रोके जाने के बाद उसे छुड़ाने और प्रकरण में राहत देने के लिए डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था और अधिकारी को रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था।
शिकायत का सत्यापन कराने पर रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद शनिवार, 21 नवंबर को एसीबी जगदलपुर की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। टीम ने अधिकारी के निवास पर दबिश देकर उसे मध्यस्थ के माध्यम से प्राप्त डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत राशि के साथ पकड़ लिया। मामले में संजयनगर, कांकेर निवासी 30 वर्षीय इमरान मेमन की भूमिका भी सामने आई है।
कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम ने आय से अधिक संपत्ति के संदेह में अंचला गिरी के निवास पर तलाशी शुरू की। इस दौरान संपत्ति और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की जा रही है। एसीबी ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
यह भी पढ़ें- रायपुर रेलवे स्टेशन पर दो साल की बच्ची की पटककर हत्या: सौतेला पिता हिरासत में, FIR दर्ज