
नईदुनिया न्यूज, आरंग। धार्मिक और पौराणिक नगरी आरंग में ज्ञानभारतम महाअभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त हुई है। नगर के ब्राह्मणपारा निवासी पूर्व पार्षद प्रद्युम्न शर्मा के पैतृक आवास में लगभग 150 वर्ष पुरानी दुर्लभ हस्तलिखित पांडुलिपियां और अनेक पुरानी पोथियां मिली हैं। ये अमूल्य धरोहर उनके दादा स्वर्गीय भगवताचार्य मन्नूलाल पौराणिक के समय की हैं, जिन्हें परिवार के सदस्यों ने सुरक्षित रखा है।
इनमें हस्तलिखित एकादशी माहात्म्य, रुद्राष्टाध्याय, साखोचार, जगन्नाथ भजन एवं 1872 से 1874 के बीच की अनेक दुर्लभ पोथियां शामिल हैं। रायपुर जिला कलेक्टर डा. गौरव कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन एवं नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के कुशल निर्देशन में चल रहे ज्ञानभारतम महाअभियान के तहत प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर इन पांडुलिपियों का गहनता से अवलोकन किया।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अभिलाषा पैकरा, तहसीलदार ज्योति मसियारे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश शर्मा, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लाखेश्वर रात्रे एवं नवाचारी शिक्षक अरविंद कुमार वैष्णव और महेंद्र पटेल ने अभिलेखों का संकलन और डिजिटलीकरण किया। एसडीएम पैकरा ने प्रयासों की सराहना की।