रायपुर। Raipur News चेहरे पर क्रीम लगाना लोगों की दिनचर्चा में शामिल है। गौर करने वाली बात यह है कि अधिकांश लोग चेहरे की सुरक्षा को ध्यान में रखकर नहीं बल्कि गोरा होने की चाह में क्रीम का उपयोग करते हैं। बाजार में उपलब्ध अधिकांश क्रीम में स्टेरायड मिला होता है। जो धीरे-धीरे चेहरे की त्वचा को पतला करने लगता है, जो बेहद नुकसानदेह है। हेलो डाक्टर कार्यक्रम में अतिथि के तौर पर मौजूद त्वचा रोग विशेषज्ञ डाक्टर भरत सिंघानिया ने यह बात कही।
डाक्टर भरत ने बताया कि स्टेरायड क्रीम के उपयोग के चलते लोगों की त्वचा पतली हो रही है। इससे त्वचा में धूप सहने की क्षमता नहीं होती। और इंफेक्शन, खुजली, त्वचा का काला होना, डल पड़ जाना जैसी अन्य समस्याएं आती है। स्टेरायड युक्त क्रीम की आदत लग जाए तो यह जल्दी छूटता भी नहीं है। त्वचा रोग की ओपीडी में हर दिन इस तरह के 20 से 25 केस आते हैं। यही स्थिति लगभग अन्य अस्पतालों की भी है। इसके लिए लोगों को जागरूक होने की आवश्यकता है। स्टेरायड क्रीम का उपयोग करने से बचें। चिकित्सकीय परामर्श से आप क्रीम व अन्य प्रोडक्ट का इस्तेमाल करें। इसके अलावा बाल झड़ने के मामले अधिक आते हैं। जो अनुवांशिक व जीवनशैली में बदलाव की वजह से होता है। इसके लिए हमें जीवनशैली को सुधारना होगा। ताकि खुद को स्वस्थ रख सकें।
सफेद दाद और कुष्ठ पर दें ध्यान
डा. भरत ने कहा कि सफेद दाद और कुष्ठ की शिकायतें आती है। दोनों ही एक जैसे नजर आते हैं। लेकिन सफेद दाद दूधिया होता है। इसमें शून्य पन नहीं होता। जबकि कुष्ठ के लक्षण उस स्थान पर शून्य पन होता है। दाद से जुड़ किसी भी तरह के लक्षण होने पर जांच और इलाज कराएं। कुष्ठ होने की स्थिति में इसका पूरा इलाज शासकीय अस्पतालों में निश्शुल्क किया जाता है। हम मरीज को शासकीय अस्पताल रेफर कर देते हैं।
मेडिफेशियल की क्रेज
डा. भरत ने कहा कि हर व्यक्ति अच्छा दिखना चाहता है। इसके लिए वह सेलून व अन्य जगहों पर पैसे खर्च करते हैं। इसके कई साइड इफेक्ट भी देखने को मिलते हैं। ऐसे में मेडिफेशियल जिसमें मेडिकल टच होता है। व्यक्ति के त्वचा के आधार पर चिकित्सकों की जांच के बाद जरूरत के हिसाब से मेडिफेशियल किया जाता है, जिससे बिना साइड इफेक्ट के लाभ मिलता है। और इसका असर लंबे समय तक रहता है।
कार्यक्रम के दौरान पाठकों के सवाल पर चिकित्सक के जवाब
सवाल : चेहरे पर जलन होता है। - स्नेहलता लखमनिया, खरीयार रोड
जवाब : ओल्ड एज में ड्रायनेस होता है। नहाते समय अच्छे साबून का उपयोग करें। मास्चराइजर लगाएं। खाने में ड्राइफूड, फल आदि का सेवन करें।
सवाल : मैं 22 वर्ष का हूं, बाल बेहद झड़ रहे हैं। - अजय चक्रधारी, रायपुर
जवाब : आपकी समस्या अनुवांशिक है। अनियमित जीवनशैली की वजह से कई बार जल्दी बाल झड़ना भी शुरू हो जाता है। इलाज से राहत मिलेगा। दवाएं लंबी चलेगी।
सवाल : आंख के नीचे दाने आ रहे हैं। - संगीता बाघ, दुर्ग
जवाब : यह मस्से का लक्षण हो सकता है। दवाओं से राहत नहीं मिलेगी। लेजर से साफ करना पड़ेगा। बहुत छोटी सी प्रक्रिया है। इससे लाभ मिलेगा।
सवाल : मेरे 10 वर्षीय लड़के के नाक में तिल है। बढ़ता जा रहा है। - ईश्वर प्रसाद, रायपुर
जवाब : यदि किसी तरह की दिक्कत नहीं हो रही है। तो इसे रहने दें कोई नुकसान नहीं है। हां ऐसा लग रहा चेहरे पर यह खराब दिखता है और निकलवाना चाहते हैं तो इसे हटवा सकते हैं।
सवाल : गाल में जलन की शिकायत अधिक आ रही है। - गोकुल साहू, बालोद
जवाब : यह न्यूरोलाजिक समस्या है। आपको न्यूरोलाजी विशेषज्ञ से मिलना पड़ेगा। नजदीकी जिला अस्पताल जाकर भी दिखा सकते हैं।
सवाल : जांघ और कंधे में फंगल इंफेक्शन हो गया है। - पार्थ वैष्णव, अभनपुर
जवाब: दवाओं के साथ बचाव की भी आवश्यकता है। शरीर को पसीने, पानी से नम ना होने दें। सूखा रखें। ढिलेढाले कपड़े पहनें। जांच के बाद दवा देंगे। करीब डेढ़ माह चलेगा। राहत मिलेगी।
सवाल: हाथ में दाद हो गया है। मलहम से ठीक नहीं हो रहा है। - राम अवतार शर्मा, रायपुर
जवाब : आप जो क्रीम लगा रहे हैं वह स्टेरायड युक्त क्रीम है। इससे राहत नहीं मिलेगी। इसे बंद कर दें और किसी त्वचा रोग विशेषज्ञ को दिखाएं। दाद की जगह नमी ना रखें।
सवाल : 10 दिन पहले इंजेक्शन लगाया था। वहां पर गठान व घाव की तरह हो गया है। - दिलेश्वर साहू, धमतरी
जवाब : यह रिएक्शन की वजह से है। दवा लें ठीक हो जाएगा। आगे से इस तरह का इंजेक्शन लगाने से पहले ध्यान रखें।
सवाल : मेरी पत्नी के हाथ में खुजली की शिकायत है। जो दवा लगाने पर ठीक हो जाता है। बाद में यह परेशानी फिर आती है। - अशोक वर्मा, बेमेतरा
जवाब : यह एलर्जी की वजह से हो रहा है। इलाज कराइए। डेढ़ से दो माह तक दवा चलेगी। ठीक हो जाएगा।
सवाल : बाल झड़ रहे हैं। पैरों में इंफेक्शन की शिकायत है। अमृता श्रीवास्तव, रायपुर
जवाब : गिलेपन और नमी की वजह से पैरों में फंगल इंफेक्शन की शिकायत आ रही है। यह एग्जिमा भी हो सकता है। जहां तक बाल झड़ने की बात है तो एक उम्र के बाद इस तरह की शिकायत आती है। खाने में ध्यान दें, फल, ड्राइफूड समेत प्रोटीन युक्त आहार लें। अधिक बाल झड़ रहे हैं तो मेडिसिन शुरू करें। लाभ मिलेगा।
सवाल : चेहरे पर पहले पिंपल था। अब गड्ढ़े हो गए हैं। - संगीता साहू, भिलाई
जवाब : यह दवाओं से ठीक नहीं होगा। लेजर, फिलिंग ट्रिटमेंट कराना होगा।
सवाल : मुंह के दोनों छोर में दाद हो गया है। - पंचराम, सुपेला
जवाब : पान-गुटखा खाना छोड़ दीजिए। नजदीकी त्वचा रोग विशेषज्ञ से मिलकर जांच कराएं। क्रीम देंगे ठीक हाे जाएगा।
सवाल : एक्सीडेंट हुआ था। पैर में काला दाग रह गया है। - विक्की वैष्णव, दुर्ग
जवाब : क्रीम का उपयोग करें। जहां कालापन है धूप से बचाएं। कालापन साफ हो जाएगा।