
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। प्रदेश में बर्बरिक कंस्ट्रक्शन और पीआरए समूह के 50 ठिकानों पर आयकर विभाग की तीन दिन चली जांच का दायरा अब बड़े निवेश और ठेकों तक पहुंच गया है। विभाग बर्बरिक समूह की प्रस्तावित IPO योजना के दस्तावेजों की पड़ताल कर रहा है।
PRA समूह को मिले करीब 450 करोड़ रुपये के रायपुर रेलवे स्टेशन पुनर्विकास ठेके से जुड़े वित्तीय लेनदेन की भी जांच हो रही है। निवेश, भुगतान और कारोबारी लेन-देन की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा रहा है।
बुधवार सुबह रायपुर समेत राज्य के पांच जिलों में शुरू हुई छापे की यह कार्रवाई शुक्रवार देर रात समाप्त हुई। बिलासपुर में गौरव अग्रवाल के ठिकानों से 1,000 करोड़ रुपये के बोगस बिल मिलने की चर्चा है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। जांच में करीब 225 करोड़ रुपये की वित्तीय गड़बड़ी के प्रारंभिक संकेत मिले हैं।
जांच में करीब 14 करोड़ रुपये नकद और लगभग 20 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण मिलने की जानकारी है। मुंबई और अहमदाबाद से आए विशेषज्ञों ने आभूषणों का मूल्यांकन किया है। बताया जा रहा है कि आभूषणों की कीमत आगे बढ़ सकती है।
जांच के दौरान बिलासपुर की महानदी इंटरप्राइजेज, मित्तल स्टील, हनुमान हार्डवेयर और मोहदा स्थित फैक्ट्री के दस्तावेज खंगाले गए। रायगढ़ में सन स्टील और रायगढ़ इस्पात से महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं। विभाग इन संस्थानों के कारोबारी लेन-देन और निवेश का आपस में मिलान कर रहा है।
महाराष्ट्र और झारखंड में तैनात टीमों को छोड़कर अधिकांश टीमें ठिकानों से निकल चुकी हैं। 18 से अधिक बैंक लॉकरों की तलाशी बाकी है और सोमवार से उन्हें खोलने की प्रक्रिया शुरू होगी। डिजिटल रिकॉर्ड और दस्तावेजों के विश्लेषण से अघोषित आय तथा संभावित कर चोरी से जुड़े तथ्य सामने आ सकते हैं। फिलहाल 225 करोड़ रुपये का आंकड़ा प्रारंभिक आकलन है, अंतिम स्थिति विस्तृत जांच के बाद स्पष्ट होगी।