
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: कोयला, लोहा और सड़क निर्माण से जुड़े कारोबारियों के ठिकानों पर छह दिन तक चली आयकर विभाग की छापेमारी मंगलवार को पूरी हो गई। छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की संयुक्त टीम जांच के बाद लौट गई है, लेकिन इस कार्रवाई में मिले दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कारोबारियों की मुश्किलें अभी बढ़ सकती हैं। तलाशी में करीब 250 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय गड़बड़ी से जुड़े दस्तावेज और करोड़ों रुपये की बेनामी संपत्तियों में निवेश के संकेत मिले हैं।
आयकर विभाग की जांच में कच्चे में कारोबार, बोगस बिलिंग, संदिग्ध लेनदेन, निवेश और वास्तविक स्टाक की तुलना में कागजों में दर्ज माल के अंतर से जुड़े कई अहम दस्तावेज मिले हैं। निर्मित और अर्धनिर्मित माल के स्टाक का भी परीक्षण किया गया है। टीम ने इन दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों को जब्त कर आगे की जांच के लिए अपने कार्यालय पहुंचाया है।
इसके अलावा बार्बरिक और पीआरए ग्रुप के संचालकों तथा उनसे जुड़ी सहयोगी फर्मों के प्रतिनिधियों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। अब इन बयानों, जब्त दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन का मिलान कर अंतिम जांच रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके आधार पर वास्तविक आय, छिपाए गए कारोबार और संभावित कर चोरी का आकलन किया जाएगा। हालांकि, 250 करोड़ रुपये की गड़बड़ी से जुड़े दस्तावेज मिलना और अंतिम रूप से कर चोरी प्रमाणित होना अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं।
आयकर विभाग ने 18 नवंबर को रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर, सूरजपुर और रायगढ़ में कारोबारियों के 36 ठिकानों पर एक साथ तलाशी शुरू की थी। शुरुआती जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर झारखंड और मुंबई स्थित संबंधित कार्पोरेट कार्यालयों को भी जांच के दायरे में लिया गया था।
छापेमारी के दौरान करीब दो करोड़ रुपये की नकदी और एक करोड़ रुपये के आभूषण जब्त किए गए थे। इसके बाद टीम ने कारोबार से संबंधित दस्तावेज, कंप्यूटर में दर्ज हिसाब-किताब, निवेश और संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल की। जांच का दायरा केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दूसरे राज्यों में किए गए कारोबारी निवेश और संबंधित फर्मों के बीच हुए लेनदेन को भी खंगाला गया।
इस कार्रवाई के केंद्र में सड़क निर्माण से जुड़े पीआरए और बार्बरिक ग्रुप रहे। आयकर विभाग को इन कंपनियों के कारोबार और निवेश के बीच अंतर को लेकर इनपुट मिले थे। बताया जा रहा है कि दोनों समूहों ने छत्तीसगढ़ के अलावा दूसरे राज्यों में भी कारोबारी विस्तार किया और विभिन्न क्षेत्रों में निवेश किया। इसके बावजूद कंपनियों के खातों में नुकसान दर्शाए जाने और अपेक्षाकृत कम टैक्स जमा किए जाने की जानकारी सामने आई थी।
टर्नओवर और कारोबारी गतिविधियों में बढ़ोतरी के अनुपात में टैक्स जमा नहीं होने पर विभाग ने समूह को निगरानी में लिया था। इसके बाद मिले इनपुट के आधार पर एक साथ कई शहरों में तलाशी की योजना बनाई गई। संबंधित समूह के ठिकानों पर इससे पहले भी आयकर विभाग की कार्रवाई हो चुकी है। ऐसे में इस बार की जांच में पुराने रिकार्ड और मौजूदा वित्तीय गतिविधियों का मिलान भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू समूह से जुड़ी सहयोगी फर्मों के बीच हुए लेनदेन हैं। आयकर विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि अलग-अलग कंपनियों और फर्मों के बीच किस तरह रकम का हस्तांतरण हुआ। कहीं एक ही कारोबार को अलग-अलग फर्मों के माध्यम से दिखाकर वास्तविक आय कम करने या खर्च बढ़ाने का प्रयास तो नहीं किया गया। बोगस बिलिंग और कच्चे में हुए कारोबार की पुष्टि के लिए जब्त रिकॉर्ड का मिलान किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- सट्टे में घाटा और आर्थिक तंगी ने तोड़ा साजिद का हौसला, पत्नी-बच्चों को जहर देकर खुद लगाई फांसी