
अखिल शर्मा, नईदुनिया रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीकेवी) में फंडामेंटल्स आफ जेनेटिक्स का प्रश्नपत्र 19 अगस्त को सुबह 10 बजे होना था, लेकिन इसके करीब पांच-छह घंटे पहले ही सुबह 4 से 5 बजे के बीच लीक होकर प्रसारित हो गया। नईदुनिया की पड़ताल में सामने आई वायरल पीडीएफ और परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों का मिलान करने पर 100 प्रतिशत समानता सामने आई है।
पीडीएफ में केवल कुछ सवाल नहीं, बल्कि प्रश्नपत्र के तीनों भागों के प्रश्न और उनके उत्तर मौजूद हैं। छह अंकों वाले विस्तृत प्रश्न भी परीक्षा में पूछे गए सवालों से हूबहू मेल खाते हैं। इससे आईजीकेवी में परीक्षा की गोपनीयता पर लगातार तीसरी बड़ी सेंध का सवाल खड़ा हो गया है।
19 अगस्त की सुबह परीक्षा शुरू होने से कुछ घंटे पहले जेनेटिक्स का प्रश्नपत्र विद्यार्थियों के बीच पहुंच गया। वायरल पीडीएफ में पार्ट-ए, पार्ट-बी और पार्ट-सी के प्रश्न दर्ज थे। परीक्षा के बाद इनका मिलान करने पर कई प्रश्नों की समानता ही नहीं, बल्कि पूरे प्रश्नपत्र की संरचना और पूछे गए विषयों का मेल सामने आया। पार्ट-ए में लिंकज, सेल साइकिल, ट्रांसक्रिप्शन, मल्टीपल एलील्स, डबल हैप्लायड और प्लियोट्रापी जैसे प्रश्न थे। पार्ट-बी में यूकैरियोटिक क्रोमोसोम, एपिस्टेसिस, जीन इंटरैक्शन, मेंडल के नियम, म्यूटेशन, गुणात्मक-परिमाणात्मक लक्षण और जेनेटिक कोड से जुड़े सवाल शामिल थे।
सबसे गंभीर पहलू पार्ट-सी का है। इसमें मीयोसिस-1, संरचनात्मक एवं संख्यात्मक क्रोमोसोमल एबरेशन, वंशागति का क्रोमोसोम सिद्धांत, साइटोप्लाज्मिक इनहेरिटेंस, सेक्स लिमिटेड-सेक्स इन्फ्लुएंस्ड ट्रेट्स, हैप्लायड-डिप्लायड, क्रासिंग ओवर-ट्रांसलोकेशन और डीएनए संरचना से संबंधित प्रश्न थे। वायरल पीडीएफ में इन प्रश्नों के विस्तृत उत्तर भी दर्ज थे।
आईजीकेवी में इससे पहले कीट विज्ञान का प्रश्नपत्र परीक्षा से करीब दो घंटे पहले प्रसारित होने के बाद परीक्षा निरस्त की गई थी। जांच में प्रोफेसर समेत छह आरोपितों की गिरफ्तारी हुई। इसके बाद प्लांट पैथोलाजी का प्रश्नपत्र लीक होने का मामला भी सामने आया। पुलिस जांच में दोनों प्रश्नपत्र विद्यार्थियों तक पैसे लेकर पहुंचाने की बात सामने आई। दोनों परीक्षाएं सितंबर में दोबारा कराने की तैयारी है।
परीक्षा: 19 अगस्त, सुबह 10 बजे
लीक का समय: 19 अगस्त, सुबह 4 से 5 बजे के बीच
वायरल सामग्री: प्रश्नपत्र का पीडीएफ और उत्तर
मिलान: परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से 100 प्रतिशत समानता का दावा
प्रश्नपत्र: तीनों भाग पीडीएफ में मौजूद
गंभीर पहलू: छह अंकों वाले विस्तृत प्रश्न भी मेल खाते हैं
पहले मामले: कीट विज्ञान और प्लांट पैथोलाजी
मुख्य सवाल: प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले किस स्तर पर बाहर पहुंचा?
अभी तक इसकी जानकारी हमें नहीं मिली है। हमे सिर्फ एक पेपर लीक होने की सूचना आई थी। हमनें पुलिस से इसकी शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस की जांच में दो पेपर लीक की बात सामने आई। इसपर कार्रवाई करते हुए हमनें पेपर रद कर उसे फिर से आयोजित करवाने के निर्देश दिए हैं। अब अगर इस पेपर में भी लीक की जानकारी सामने आएगी तो इसमें भी उचित कार्रवाई करेंगे।
- डाॅ गिरीश चंदेल, कुलपति, आईजीकेवी