
रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। International Girl Child Day Special: बेटियों की घटती संख्या को देखते हुए माहेश्वरी समाज के नेतृत्व में प्रदेशभर में बेटियों की मां का सम्मान करके बेटियों को आगे बढ़ाने का अभियान प्रारंभ किया गया है। प्रदेशभर में अब तक 800 से अधिक मां का सम्मान किया जा चुका है।
निर्धन परिवार की कन्याओं को पढ़ाने, उनके विवाह का खर्च उठाने की जिम्मेदारी समाज ने ली है। माहेश्वरी समाज की यह पहल राजधानी से प्रारंभ होकर अब प्रदेशभर में फैल चुकी है। बेटियों को शिक्षित करने के लिए समाज ने अलग से फंड बनाया है ताकि आर्थिक तंगी की वजह से कोई भी बेटी पढ़ाई से वंचित न रहे।
माहेश्वरी सभा के राजकुमार राठी बताते हैं कि समाज में बेटियों की संख्या घटती जा रही है। ज्यादातर परिवारों में बेटों के लिए बहू तलाश करने में परेशानी हो रही है। भविष्य में स्थिति चिंताजनक न हो इसलिए माहेश्वरी समाज के पदाधिकारियों ने निर्णय लिया कि घर-घर में बेटी बचाओ अभियान चलाया जाए। जिस परिवार में भी बेटी का जन्म हो उनकी मां का सम्मान किया जाए।
निर्धन परिवारों की बेटियों की शिक्षा का खर्च उठाया जाए। समाज ने अलग से फंड बनाकर राशि जुटाई। जिस परिवार को आर्थिक परेशानी हो और बेटियों की शिक्षा, विवाह के लिए रुपये की जरूरत हो, समाज की ओर से हरसंभव सहायता की जा रही है।
नवमीं पर हर साल सम्मान
समाज के इष्टदेव भगवान महेश की नवमीं पर हर साल बेटियों की मां का सम्मान समारोह आयोजित किया जाता है। राजधानी के बाद अब सम्मान समारोह अन्य शहरों में भी होने लगा है। दुर्ग, राजनांदगांव, धमतरी, कांकेर, जगदलपुर, महासमुंद आदि शहरों में पिछले तीन सालों में 800 से अधिक बेटी की मां का सम्मान किया जा चुका है।
बेटी बचाओ मंच का भ्रूण हत्या रोकने अभियान
समाजसेवी संस्था बेटी बचाओ मंच के नेतृत्व में प्रदेशभर में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान चलाया जा रहा है। संस्थापक समाजसेवी ललित मिश्रा बताते हैं कि वर्षों पहले कन्या भ्रूण हत्या के मामले काफी बढ़ रहे थे। महिलाओं को जागरूक करने के लिए समाजसेवी महिलाओं को एकत्रित करके संस्था का गठन किया गया। अब तक 500 से अधिक महिलाओं ने कन्या भ्रूण हत्या नहीं करने का संकल्प लिया है। साथ ही निर्धन परिवार की कन्याओं की शिक्षा का खर्च भी उठाने की जिम्मेदारी ली है।
महिला मंच की प्रदेश अध्यक्ष भारती अवतार शर्मा के साथ ही अनेक सक्षम महिलाएं 50 से ज्यादा बेटियों की स्कूल फीस, ड्रेस, कापी, पुस्तक का खर्चा उठा रहीं हैं। 20 से अधिक निर्धन कन्याओं का विवाह कराया गया है। साथ ही कन्याओं को स्वरोजगार के लिए कंप्यूटर, टाइपराइटर, ब्यूटी पार्लर, सिलाई मशीन आदि उपलब्ध कराया जा रहा है।