_m.webp)
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। छत्तीसगढ़ की पांच केंद्रीय जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता कर दिया गया है। अब केवल जेल के भीतर ही नहीं, बल्कि इसके बाहरी कैंपस में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति को कड़ी जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा।
जेल मुख्यालय के जारी नए आदेशों के बाद व्यवस्था में यह बड़ी कसावट लाई गई है। रायपुर केंद्रीय जेल में शराब, कोल लेवी, महादेव सट्टा, कस्टम मिलिंग, सीजीपीएससी घोटाला, सीजीएमएससी(दवा उपकरण) घोटाला, भारतमाला परियोजना मुआवजा समेत अन्य कई घोटालों के आरोपित बंद है।
ऐसे में यह कदम जेल के भीतर नशीले सामान पहुंचाने के कुछ मामलों के सामने आने और कई हाईप्रोफाइल कैदियों की मौजूदगी के मद्देनजर उठाया गया है।
पिछले दिनों दुबई में चर्चा में रहे महादेव सट्टा के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को रायपुर जेल में लाया गया था, हालांकि वह फिलहाल ईडी की रिमांड पर है। जिसके चलते सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जा रही है। रायपुर के साथ दुर्ग, बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर केंद्रीय जेल में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
दोहरी जांच के दायरे में वाहन और कर्मी
नई व्यवस्था के तहत अब जेल में प्रवेश करने वाले कर्मचारियों की भी सघन तलाशी ली जाएगी। इसके साथ ही जेल के भीतर दूध, सब्जी, किराना और अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाने वाले वाहनों तथा प्रशासनिक कार्यों में लगे वाहनों को भी बाहरी गेट के अलावा अंदरूनी गेट पर दोहरी जांच से गुजरना होगा।
सुरक्षा व्यवस्था की सुचारू मानिटरिंग और निगरानी की पूरी जिम्मेदारी उप जेल अधीक्षक को सौंपी गई है, साथ ही जेल के भीतर बने बैरकों की नियमित और औचक जांच के सख्त निर्देश भी जारी किए गए हैं।