• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
  • मेरी खबरें
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
  • वेब स्टोरीज
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • AI बूटकैंप
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • गणेशोत्‍सव 2026
  • हनुमान अंश
  • Mutual Funds मास्टरी
  • मध्‍य प्रदेश की खबरें
  • राशि परिवर्तन
  • मानसून
  • स्वच्छ जल
  • होम
  • छत्तीसगढ़
  • रायपुर

रायपुर की लड़कियां सावधान! आपका 'जीवनसाथी' हो सकता है लुटेरा, नशीला खाना खिलाकर जेवर लूटने वाले गैंग का पर्दाफाश

राजधानी में ऑनलाइन मैट्रिमोनियल साइट जीवनसाथी.कॉम के जरिए महिलाओं को निशाना बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।

By Digital DeskEdited By: ADITYA KUMAR
Publish Date: Mon, 01 Jun 2026 05:50:27 PM (IST)Updated Date: Mon, 01 Jun 2026 05:50:27 PM (IST)
रायपुर की लड़कियां सावधान! आपका 'जीवनसाथी' हो सकता है लुटेरा, नशीला खाना खिलाकर जेवर लूटने वाले गैंग का पर्दाफाश
रायपुर की लड़कियां सावधान! AI Generated Image

HighLights

  1. जन्मदिन पार्टी के बहाने चिकन में मिलाया नशीला पदार्थ
  2. आरोपी ने 1 महीने में 100 महिलाओं से किया था ऑनलाइन संपर्क
  3. दिल्ली और हरिद्वार में दबिश देकर गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार

नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी में ऑनलाइन मैट्रिमोनियल साइट जीवनसाथी.कॉम के जरिए महिलाओं को निशाना बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। खम्हारडीह क्षेत्र की महिला को शादी का झांसा देकर उसके घर पहुंचे मुख्य आरोपी अभिनव सिंह उर्फ पहलवान ने जन्मदिन पार्टी के बहाने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर दिया और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गया।

naidunia_image

मामले में पुलिस ने दिल्ली और उत्तराखंड में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी अभिनव सिंह ने एक माह में करीब 100 महिलाओं से संपर्क किया था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में पंजाब निवासी अभिनव सिंह उर्फ पहलवान (37) और दिल्ली निवासी हितिन नरूला (48) शामिल हैं। दोनों के कब्जे से 57 हजार रुपये नकद, दो तोला सोने के जेवर, चांदी का ब्रेसलेट और पांच मोबाइल फोन समेत करीब 4.21 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है।


चार महीने पहले हुई थी पहचान

पुलिस ने बताया कि खम्हारडीह निवासी महिला की करीब चार महीने पहले जीवनसाथी.कॉम के माध्यम से अभिनव सिंह से पहचान हुई थी। दोनों के बीच नियमित बातचीत होने लगी। 15 मई को आरोपी ने महिला को फोन कर जन्मदिन पार्टी मनाने के बहाने उसके घर आने की बात कही। दोपहर करीब एक बजे आरोपी महिला के घर पहुंचा। दोनों ने साथ में भोजन किया। इसी दौरान आरोपी ने चिकन ठीक से नहीं पकने की बात कहकर उसे दोबारा पकाया और नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के कुछ देर बाद महिला बेहोश हो गई।

20 घंटे बाद आया होश, तब खुली चोरी की वारदात

शाम को महिला की रूम पार्टनर घर पहुंची, लेकिन उसे होश नहीं आया। अगले दिन सुबह लगभग 10 बजे महिला को होश आया तो उसके गले की सोने की चेन और अंगूठियां गायब थीं। अलमारी के लॉकर की जांच करने पर उसमें रखे सोने और चांदी के जेवर भी नहीं मिले। आरोपी का मोबाइल फोन भी बंद था और वह फरार हो चुका था। इसके बाद महिला ने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी को पकड़ने विशेष टीम का गठन

मामले में खम्हारडीह थाना और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने तकनीकी जांच शुरू की। पुलिस ने जीवनसाथी.कॉम पर बनाए गए प्रोफाइल, मोबाइल नंबरों और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपी हितिन नरूला की लोकेशन उत्तराखंड के हरिद्वार में मिली। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर मुख्य आरोपी अभिनव सिंह को दिल्ली के पहाड़गंज क्षेत्र से पकड़ा गया।

रेलवे स्टेशन पर इंतजार करता रहा साथी

पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी घटना के दिन रायपुर साथ आए थे। अभिनव सिंह महिला के घर गया जबकि उसका साथी हितिन नरूला रेलवे स्टेशन पर रुका रहा। महिला को बेहोश करने के बाद अभिनव जेवर चोरी कर सीधे रेलवे स्टेशन पहुंचा, जहां दोनों मिले और वहां से फरार हो गए।

फर्जी दस्तावेज बनाकर बदलता था पहचान

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी अलग-अलग पहचान से महिलाओं से संपर्क करता था। प्रारंभिक पूछताछ में उसने देश के विभिन्न राज्यों में इस तरह की लगभग आधा दर्जन वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि आरोपी ने पिछले एक महीने में जीवनसाथी.कॉम के माध्यम से करीब 100 महिलाओं से ऑनलाइन संपर्क किया था। पुलिस अब इन सभी संपर्कों की जांच कर रही है।

naidunia_image

अभिनव सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वह दिल्ली के अशोक विहार और पार्लियामेंट हाउस थाना क्षेत्रों में दर्ज धोखाधड़ी और चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। इसके अलावा उत्तराखंड के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में वाहन चोरी के मामले में भी वह गिरफ्तार हो चुका है।

ऐसे देता था वारदात को अंजाम

मैट्रिमोनियल साइट पर फर्जी प्रोफाइल बनाता था।

महिलाओं से शादी और रिश्ते की बात कर विश्वास जीतता था।

मुलाकात के दौरान खाने या पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाता था।

बेहोशी की हालत में जेवर और कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाता था।

फर्जी दस्तावेजों और अलग-अलग मोबाइल नंबरों का उपयोग कर पहचान छिपाता था।