Kiran Singh Dev Interview: कार्यकर्ता भाजपा की रीढ़, वही जिताएंगे लोकसभा चुनाव, नईदुनिया से बोले किरण सिंह देव
Kiran Singh Dev Interview: किरण सिंह देव ने कहा, भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। लाखों कार्यकर्ताओं की अनुशासित, कर्मठ फौज है। भाजपा की असली पहचान ही इसका संगठनात्मक ढांचा है। जिसकी रीढ़ कार्यकर्ता हैं। केंद्रीय स्तर से लेकर मंडल स्तर पर हमारा संगठन मजबूत है।
By Pramod Sahu
Edited By: Pramod Sahu
Publish Date: Mon, 25 Dec 2023 01:15:21 PM (IST)
Updated Date: Mon, 25 Dec 2023 02:45:48 PM (IST)

विनोद सिंह, जगदलपुर। Kiran Singh Dev Interview: प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अपने पहले बस्तर प्रवास पर किरण सिंह देव रायपुर से सड़क मार्ग से देर शाम जगदलपुर पहुंचे। उन्होंने व्यस्तता के बीच समय निकालकर नईदुनिया के सीनियर रिपोर्टर विनोद सिंह से बातचीत की। प्रस्तुत है चर्चा के प्रमुख अंश........।
सवाल- छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार है। पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को किस तरह से मजबूत करेंगे? जवाब- भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। लाखों कार्यकर्ताओं की अनुशासित, कर्मठ फौज है। भाजपा की असली पहचान ही इसका संगठनात्मक ढांचा है। जिसकी रीढ़ कार्यकर्ता हैं। केंद्रीय स्तर से लेकर मंडल स्तर पर हमारा संगठन मजबूत है। मैं भी पार्टी का एक साधारण कार्यकर्ता हूं। मुझे अध्यक्ष पद का दायित्व केंद्रीय नेतृत्व से सौंपा है। मेरे पास संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है। अध्यक्ष के रूप में आने वाली चुनौतियों को कार्यकर्ताओं के बल पर पार कर लूंगा इसका पूरा विश्वास है। प्रदेश में कुछ क्षेत्रों में भौगोलिक विषमता और कुछ अशांत इलाकों में संगठनात्मक ढांचे में यदि कुछ कमी है तो उसे दूर कर लिया जाएगा।
सवाल- लोकसभा चुनाव में मिशन-2024 को लेकर क्या लक्ष्य है? जवाब- छत्तीसगढ़ में अभी हमारे पास नौ सीटें हैं। दो सीटें कांग्रेस के पास है। आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का सफाया हो जाएगा और भाजपा सभी 11 सीटें जीतेगी। हमारे पास केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का चमत्कारिक नेतृत्व और पार्टी के केंद्रीय संगठन के वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन है। भाजपा छत्तीसगढ़ की सभी सीटें जीतकर देगी, इसका मुझे पूरा विश्वास है। दो दिन पहले मैं दिल्ली में था। वहां पार्टी की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आदि का मार्गदर्शन मिला है। प्रदेश भाजपा मिशन को पूरा करने जुट चुकी है। मोदी की हर गारंटी पूरी करने सरकार और संगठन कृत संकल्पित है। इस पर काम भी शुरू हो चुका है।
सवाल- सत्ता और संगठन में तालमेल कैसे बिठाएंगे? जवाब- भाजपा के लिए यह कोई विषय नहीं है। पूरे देश में जहां भी भाजपा की सरकार है वहां सत्ता और संगठन के बीच आपसी समझ, सामंजस्य से दोनों प्रदेश और देश के विकास में अपनी-अपनी भूमिका निभा रहे हैं। मैं आपको बताना चाहता हूं कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। मंत्रिमंडल के अधिकांश सदस्यों के पास संगठन में काम करने का दीर्घ अनुभव है। ऐसे में तालमेल बिठाने की जरूरत पड़ेगी क्या? छग के सर्वांगीण विकास और जन कल्याण के लिए सत्ता और संगठन मिलकर पहले भी काम कर चुके हैं और आगे भी करते रहेंगे।
सवाल- प्रदेश में आपकी पार्टी की सरकार है, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते आपका क्या योगदान होगा? विशेषकर आदिवासी क्षेत्रों जहां विधानसभा चुनाव में पार्टी को प्रचंड जीत मिली है। जवाब- कांग्रेस के पांच साल के कुशासन को प्रदेश की जनता देख चुकी है। आदिवासियों को उनके अधिकारियों से वंचित किया गया। उनके सम्मान को ठेस पहुंचाई गई। भाजपा आदिवासियों के साथ पूरे समय हर परिस्थिति में खड़ी रही। इन क्षेत्रों में भाजपा पर आदिवासियों के साथ हर वर्ग के लोगों ने विश्वास जताया और प्रचंड जीत मिली। बस्तर और सरगुजा की 26 में से 22 सीटों पर भाजपा के विधायक जीतकर आए हैं। इनके विश्वास को पार्टी हमेशा बनाए रखेगी। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मेरी जिम्मेदारी होगी कि मैं इन क्षेत्रों पर पूरी नजर रखूं और यहां के विकास और जनकल्याण के लिए सरकार के साथ मिलकर काम करूं। मैं आदिवासी बहुल बस्तर क्षेत्र के जगदलपुर से विधायक हूं, मेरी दोहरी जिम्मेदारी है जिसे पूरा करने दिन-रात मेहनत करूंगा।
सवाल- आपकी प्रदेशाध्यक्ष पद पर नियुक्ति कई लोगों के लिए चौकाने वाली है। नियुक्ति के बाद आपकी राष्ट्रीय नेतृत्व से मुलाकात हुई, दिल्ली से क्या संदेश मिला है? जवाब- मैं 30 सालों से पार्टी का सदस्य हूं और 25 सालों से लगातार पार्टी संगठन में किसी न किसी दायित्व का निर्वहन करता आ रहा हूं। प्रदेश महामंत्री के पद पर भी काम कर चुका हूं। हमारी पार्टी में पद निर्वहन का दायित्व दिया जाता है। मुझे भी प्रदेश अध्यक्ष पद का दायित्व दिया गया है। आप लोगों को चौकाने वाला निर्णय लग रहा है तो मैं क्या करूं? पार्टी में तो ऐसी कोई बात नजर नहीं आई। दिल्ली में सभी वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन मिला है। एक ही संदेश है मिला है कि छत्तीसगढ़ की जनता की सेवा में निरंतर लगे रहो। मिशन-2024 के लिए जुट जाएं और प्रदेश की सभी 11 सीटें जीतने जनता का आशीर्वाद प्राप्त करें।