
रायपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि
अदालतों से वादों का बोझ करने के लिए लोक अदालतों का आयोजन करने वाला विधिक सेवा प्राधिकरण अपनों से प्रताड़ित आधी आबादी को भी बड़ा संबल प्रदान कर रहा है। आम जनमानस को विधिक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही साथ इस वर्ष लगभग चार सौ महिलाओं को विधिक सहायता भी मुहैया कराई है।
महिलाओं के लिए काम करने वाले प्लेटफार्म सखी व हेल्पलाइन 181 की संस्तुति पर विधिक सेवा प्राधिकरण घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए विधिक सहायता उपलब्ध कराता है। उनके वादों की पैरवी के लिए मुफ्त अधिवक्ता मुहैया कराने से लेकर उनका वाद दाखिल कराने के कार्य तक में विधिक प्राधिकरण सक्रिय भूमिका निभाता है। विधिक प्राधिकरण के माध्यम से सैकड़ों महिलाओं को अब तक न्याय मिला है। सखी व हेल्पलाइन 181 में जो घरेलू हिंसा सहित महिला उत्पीड़न के मामले आते हैं तो उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को प्रेषित किया जाता है। विधिक प्राधिकरण उन मामलों में महिलाओं की मदद करता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव उमेश उपाध्याय का कहना है कि न्याय को लोगों की पहुंच तक आसानी से पहुंचाना विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य है। घरेलू हिंसा की शिकार महिलाओं के लिए प्राथमिकता के आधार पर उन्हें विधिक सेवा मुहैया कराया जाता है।