Lok sabha election 2024: महिलाओं को साधने भाजपा चलाएगी लखपति दीदी योजना, पार्टी से लोगों को जोड़ने को चलेगा 'गांव चलो' अभियान
बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने भाजपा ने ही छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया है और इसे संवारने की महती जिम्मेदारी प्रदेश की जनता ने हमें पूरे विश्वास के साथ सौंपी है। विश्वास की इस कसौटी पर खरा उतरते हुए अब लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटें जीतना हमारा लक्ष्य है।
By Pramod Sahu
Edited By: Pramod Sahu
Publish Date: Fri, 29 Dec 2023 12:18:04 AM (IST)
Updated Date: Fri, 29 Dec 2023 12:18:04 AM (IST)
HighLights
- नवनिर्वाचित अध्यक्ष किरण सिंह देव की पहली बैठक में तय हुए एजेंडे
- प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन ने कहा कि लोकसभा चुनावों हमें प्रदेश की सभी 11 सीटें जीतना है
रायपुर (राज्य ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ में भाजपा लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। अप्रैल-मई में प्रस्तावित लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने महिला मतदाताओं को साधने के लिए 'लखपति दीदी योजना' चलाने का निर्णय लिया है। इसी तरह जन-जन को पार्टी से जोड़ने के लिए 'गांव चलो' अभियान चलाया जाएगा।
प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में गुरुवार को प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की बैठक रखी गई। नवनिर्वाचित भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव के नेतृत्व में आयोजित पहली बैठक में प्रदेश पदाधिकारी और जिलाध्यक्ष शामिल हुए। उन्होंने अपनी रणनीति साझा की।
प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन ने कहा कि लोकसभा चुनावों हमें प्रदेश की सभी 11 सीटें जीतना है और इसके लिए कार्य में लग जाना है, पूरी मेहनत करना है। 30 सीटों में हम 51 प्रतिशत से ज्यादा मत हासिल करने में सफल हुए हैं। हमें इससे भी ज्यादा वोट हासिल करने है। इस लिहाज से जल्द ही बैठकों का दौर भी शुरू होगा व राष्ट्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन मिलेगा।
नबीन ने बताया कि मोर्चा स्तर पर राष्ट्रीय अधिवेशन होंगे। युवा मोर्चा के बैनर तले नव मतदाता के पांच हजार जगहों पर कार्यक्रम होंगे। महिला मोर्चा लखपति दीदी कार्यक्रम करेगा। इंटरनेट मीडिया वारियर बनाने का काम करेंगे। पार्टी में नए लोगों को जोड़ने का क्रम जारी रहेगा। पूरे देश में 'गांव चलो' अभियान होगा। इस तरह के कई कार्यक्रम होंगे। हर कार्यक्रम के लिए अलग-अलग कमेटी बनाई जाएगी। अगले चार महीने आगे के कार्यों में लगना है।
क्या है लखपति दीदी योजना
महिला सशक्तीकरण के तहत स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्यों की आमदनी बढ़ाने वाली राष्ट्रीय लखपति दीदी योजना शुरू की गई है। इस योजना से देश की कुल 8.64 करोड़ महिला सदस्यों की आर्थिक स्थितियों में सुधार होगा। स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) में शामिल होने वाली सदस्य महिलाओं को रोजगार के साथ उद्यमी बनाने की इस योजना को हर तरह की वित्तीय मदद मुहैया कराई जाएगी। 'लखपति दीदी' योजना में प्रत्येक महिला सदस्य की न्यूनतम वार्षिक आमदनी एक लाख रुपये करने का लक्ष्य है। इस कार्यक्रम के प्रति महिलाओं को जागरुक करने के लिए प्रदेश भाजपा के महिला मोर्चा को जिम्मेदारी मिली है।
छत्तीसगढ़ को संवारने की महती जिम्मेदारी : किरण सिंह देव
बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने भाजपा ने ही छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया है और इसे संवारने की महती जिम्मेदारी प्रदेश की जनता ने हमें पूरे विश्वास के साथ सौंपी है। विश्वास की इस कसौटी पर खरा उतरते हुए अब लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटें जीतना हमारा लक्ष्य है।
जब अध्यक्ष बना तो पूछते थे कैसे जीतोगे : साव
पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि 'मुझ जैसे छोटे कार्यकर्ता पर पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष का जिम्मा सौंपा था। आप सभी के सहयोग से हमने खूब मेहनत की और सफलता प्राप्त की। जब मैं अध्यक्ष बना था तो लोग पूछते थे कि आप बहुत पीछे हो, कैसे जीतोगे, तो मैं निश्चिंत होकर कहता था कि हम अपने वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं की मेहनत से जरूर जीतेंगे।' साव ने कहा कि विधानसभा चुनावों के बाद हम सभी लोकसभा चुनावों की तैयारी में लग गए हैं। सत्ता पाना हमारा मकसद नहीं है, सेवा करना हमारा मकसद है। इसीलिए विधानसभा चुनाव जीतकर हम चुप नहीं बैठेंगे। बूथ स्तर सहित सभी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं की पूरे देश में प्रशंसा हो रही है। अब प्रचंड जीत के बाद पूरी विनम्रता से जनता के बीच जाकर कार्य करना है। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष रहते हुए कोई भूल हुई हो तो माफ कर दीजिएगा। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, कोषाध्यक्ष नंदन जैन, प्रदेश महामंत्री एवं विधायक केदार कश्यप, बृजमोहन अग्रवाल, गौरीशंकर अग्रवाल, संतोष पांडेय, ओपी चौधरी, अजय चंद्राकर आदि मौजूद रहे।