
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस और आगामी पर्वों के उल्लास के बीच प्रदेश की महिलाओं के लिए सरकार ने खुशियों का पिटारा खोल दिया है। राज्योत्सव के भव्य मंच से 'महतारी वंदन योजना' की अगली वित्तीय किस्त की राशि पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में सीधे अंतरित कर दी गई है।
समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) प्रणाली के माध्यम से एक सिंगल क्लिक में सहायता राशि जारी की।
इस योजना के तहत पूरे प्रदेश की 67 लाख 40 हजार 410 महिलाओं को एक साथ वित्तीय संबल प्रदान किया गया है। शासन ने दूरस्थ और संवेदनशील वनांचलों की महिलाओं को भी प्राथमिकता में रखा है। इसी क्रम में 'नियद नेल्ला नार' कैंप क्षेत्र की 6,908 महिलाओं को उनकी 13वीं किस्त की राशि का भुगतान किया गया, जिससे नक्सल प्रभावित अंदरूनी क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता को नई दिशा मिल रही है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के 350 गांवों मिली राहत, रतनपुर-लोरमी मार्ग बनेगा फोरलेन, 650 करोड़ से बदलेगी तस्वीर
राज्य स्थापना के गौरवशाली अवसर और दीपोत्सव जैसे बड़े त्योहारों से ठीक पहले खाते में सीधे धनराशि पहुंचने से महिलाओं के चेहरों पर खुशी की चमक बिखर गई है। इस त्वरित आर्थिक सहयोग से उन्हें अपनी जरूरी घरेलू खरीदारी और पारिवारिक आवश्यकताओं को पूरा करने में सीधी मदद मिलेगी। सरकार का यह कदम महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और समाज में उनकी गरिमा व जीवन स्तर को ऊपर उठाने की दिशा में बेहद प्रभावी साबित हो रहा है।