नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्यिक कर विभाग ने राज्य कर संयुक्त आयुक्त स्तर के अधिकारियों की पदस्थापना में प्रशासनिक फेरबदल किया है। आठ अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, सोनल के. मिश्रा को रायपुर संभाग-दो से हटाकर राज्य कर आयुक्त कार्यालय के मुख्यालय, नवा रायपुर अटल नगर स्थित बीआईयू में पदस्थ किया गया है। यह पदस्थापना प्रशासनिक आधार पर की गई है। आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों की नई पदस्थापना तत्काल प्रभाव से और आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से किए जाने का उल्लेख है।
मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से जारी आदेश में संयुक्त आयुक्त स्तर के अधिकारियों के वर्तमान कार्यस्थल में बदलाव किया गया है। इसके तहत रायपुर, दुर्ग, जगदलपुर और बिलासपुर संभागों के साथ मुख्यालय और अपील शाखा में भी जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया गया है।
अन्य संयुक्त आयुक्त भी बदले
इसी क्रम में राज्य कर विभाग के अन्य संयुक्त आयुक्तों को भी अलग-अलग संभागों और शाखाओं में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आदेश में इसे प्रशासनिक स्थानांतरण बताया गया है। विभागीय आदेश के अनुसार, अन्य अधिकारियों की नई पदस्थापनाएं इस प्रकार हैं।
याचना ताम्ब्रे: मुख्यालय, नवा रायपुर से दुर्ग संभाग।
सुनील चौधरी: रायपुर संभाग-एक से जगदलपुर संभाग।
दीपक गिरि: राज्य कर संयुक्त आयुक्त (ऑडिट), रायपुर से रायपुर संभाग-दो।
नरेन्द्र वर्मा: मुख्यालय स्थित बीआईयू, नवा रायपुर से रायपुर संभाग-एक।
लता जे. त्यागी: अपील शाखा, बिलासपुर से नवा रायपुर संभाग।
भावना अली: नवा रायपुर संभाग से राज्य कर आयुक्त कार्यालय के मुख्यालय, नवा रायपुर अटल नगर।
गुलापा पुरसेठ: दुर्ग संभाग से अपील शाखा, रायपुर-एक।