Malaria Test Positivity Rate: बस्तर संभाग में दस लाख लोगों से अधिक की मलेरिया जांच में पाजिटिविटी दर 0.87 प्रतिशत
Malaria Test Positivity Rate: छत्तीसगढ़ से मलेरिया को खत्म करने के लिए 20.43 लाख लोगों तक स्वास्थ्य अमला पहुंचेगा।
By Kadir Khan
Edited By: Kadir Khan
Publish Date: Sun, 25 Jul 2021 07:05:00 AM (IST)
Updated Date: Sun, 25 Jul 2021 07:05:52 AM (IST)

रायपुर। ( नईदुनिया, राज्य ब्यूरो ) Malaria Test Positivity Rate: मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम अब तक तीन लाख 16 हजार घरों में पहुंचकर 14 लाख 30 हजार लोगों की जांच कर चुकी है। इस दौरान पाजिटिव पाए गए 9,392 मरीजों का मौके पर ही इलाज शुरू किया गया है। बस्तर संभाग के सातों जिलों में इस अभियान का चौथा चरण 15 जून से शुरू किया गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की संचालक डा. प्रियंका शुक्ला ने बताया कि बस्तर संभाग में मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के चौथे चरण में स्वास्थ्य विभाग की टीम अब तक दो लाख दस हजार 174 घरों में पहुंचकर दस लाख 658 लोगों की मलेरिया जांच कर चुकी है।
इस दौरान पाजिटिव पाए गए 8,742 (0.87 फीसद) लोगों का तत्काल उपचार शुरू किया गया। डा. शुक्ला ने बताया कि अभियान के दौरान मलेरिया के मरीजों को निश्शुल्क दवा देने के साथ ही घरों में मच्छररोधी स्प्रे का छिड़काव, लार्वा को नष्ट करने की गतिविधि और मेडिकेटेड मच्छरदानियों का वितरण किया जा रहा है। लोगों को मच्छरों और मलेरिया से बचाव के बारे में जागरूक भी किया जा रहा है।
- - मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का बस्तर में चौथा चरण जारी
- - अभियान के तहत 21 जिलों में अब तक 3.16 लाख घरों में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
- - 14.3 लाख लोगों की जांच, पाजिटिव पाए गए 9392 मरीजों का इलाज
बस्तर संभाग में अभियान का असर
बस्तर संभाग में अभियान के पहले, दूसरे और तीसरे चरण में पाजिटिविटी दर क्रमश: 4.6 व 1.27 प्रतिशत और 1.04 प्रतिशत रही थी, जो अभी वर्तमान में संचालित चौथे चरण में और घटकर 0.87 प्रतिशत पर आ गई है।
सरगुजा संभाग में चल रहा दूसरा चरण
सरगुजा संभाग के पांचों जिलों में मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का दूसरा और प्रदेश के नौ अन्य जिलों में पहला चरण संचालित किया जा रहा है। बस्तर और सरगुजा संभाग में अभियान के अच्छे नतीजों को देखते हुए इसको 21 जिलों में विस्तारित किया गया है। इन जिलों में 20 लाख 43 हजार से अधिक लोगों की मलेरिया जांच का लक्ष्य है।
बस्तर संभाग की स्थिति
जिला जांच पाजिटिव मिले
बस्तर 1,18,738 - 1319
बीजापुर 1,60,927 - 1146
दंतेवाड़ा 2,36,223 - 1215
कांकेर 61,468 - 430
कोंडागांव 59,801 - 371
सुकमा 2,42,341 - 3,178
नारायणपुर 1,21,160 - 1,083