_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। रायपुर पुलिस ने विदेशी मुद्रा के नाम पर करीब 19 लाख रुपये की ठगी करने वाले पश्चिम बंगाल निवासी आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रोसेनजित चक्रवर्ती (38) के रूप में हुई है, जो हावड़ा (पश्चिम बंगाल) का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से 4.50 लाख रुपये नकद और एक आईफोन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार तेलीबांधा निवासी हरदीप सिंह होरा ‘ट्रैवल प्लानर’ नाम से टूर एंड ट्रैवल्स का व्यवसाय करते हैं। एक मार्च को उन्हें व्हाट्सएप कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को हर्षित अग्रवाल बताते हुए अमेरिका और लंदन में होटल बुकिंग की बात कही।
विदेशी मुद्रा के बहाने बुलाया
बातचीत के बाद आरोपी ने अगले दिन भुगतान करने का भरोसा दिया और दो मार्च को पीड़ित को करेंसी टावर स्थित जेनेट को-वर्किंग स्पेस में मिलने बुलाया। उसने पीड़ित से 18 हजार अमेरिकी डॉलर और दो हजार पाउंड लेकर आने को कहा, ताकि उसका भाई भारतीय मुद्रा में भुगतान कर सके।
तय समय पर जब पीड़ित वहां पहुंचा तो आरोपी का साथी नोट गिनने की मशीन लाने के बहाने बाहर चला गया। इसी दौरान आरोपी ने फोन पर बातचीत में उलझाकर विदेशी मुद्रा लेकर फरार हो गया।
पश्चिम बंगाल से गिरफ्तारी
घटना की शिकायत मिलने के बाद तेलीबांधा थाने में ठगी का मामला दर्ज किया गया। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपी की लोकेशन पश्चिम बंगाल के हावड़ा में मिली।
पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर प्रोसेनजित चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।