Mata Sholapuri Mahotsav: फिल्म बाहुबली के माहिष्मती महल की तर्ज पर बना शोलापुरी माता का पंडाल
Mata Sholapuri Mahotsav: इस साल माता शोलापुरी को फिल्म बाहुबली के माहिष्मती महल की तर्ज पर बनाए गए पंडाल में विराजित किया गया है।
By Ashish Kumar Gupta
Edited By: Ashish Kumar Gupta
Publish Date: Thu, 11 May 2023 08:04:36 AM (IST)
Updated Date: Thu, 11 May 2023 08:04:36 AM (IST)

रायपुर। Mata Sholapuri Mahotsav: राजधानी रायपुर के डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में चल रहे 10 दिवसीय माता शोलापुरी महोत्सव में प्रतिदिन माता का श्रृंगार अलग-अलग रूप में किया जा रहा है। इस साल माता को फिल्म बाहुबली के माहिष्मती महल की तर्ज पर बनाए गए पंडाल में विराजित किया गया है। भव्य पंडाल में विराजित माता का दर्शन करने हजारों श्रद्धालु उमड़ रहे हैं।
प्रतिदिन अलग-अलग रूप में दर्शन
शोलापुरी माता पूजा उत्सव के पांचवें दिन भक्ति उल्लास छाया रहा। माता के श्रृंगारित रूप का दर्शन करने के लिए रात्रि 8 बजे पर्दा उठने के 2 घंटे पूर्व ही भक्तगण पंडाल में पहुंच गए। जैसे ही पर्दा उठा शोलापुरी माता के जयकारे गूंज उठे। मोगरे के फूल, गूगल धूप की महक और मंत्रोपचार से मंत्रमुग्ध श्रद्धालु माता की भक्ति में डूब गए।
श्री शोलापुरी माता पूजा समिति के अध्यक्ष एम साई ने बताया कि 51 साल से शोलापुरी महोत्सव मनाया जा रहा है। कोरोना महामारी के पश्चात माता के प्रति आस्था कुछ अलग ही दिखाई दे रही है। पूरी कालोनी में आकर्षक साजसज्जा की गई है।
समिति के कार्यकारी अध्यक्ष पिल्ला मोहन राव ने बताया कि आंधप्रदेश से बुलाई गई डफली धुन पर श्रद्धालु भक्तिभाव से झूम उठते हैं। उत्सव स्थल पर श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए मीनाबाजार भी लगाया गया है। 14 मई को महोत्सव का समापन होगा। इस दिन शोभायात्रा के रूप में माता को मायके से वापस ससुराल ले जाया जाएगा।