
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी में देर रात सड़क पर लूट की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह बीएसयूपी कालोनी के पास एक्सप्रेस-वे रोड पर दो अज्ञात बदमाशों ने एमबीए के छात्र को रोककर डंडे से हमला किया और मारपीट करते हुए उसका करीब 80 हजार रुपये का मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, सितांशु मिश्रा (26), निवासी गीतांजली नगर, शंकर नगर, रायपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह एमबीए करने के बाद कंस्ट्रक्शन का कार्य करता है। 23 जुलाई की रात वह अपने दोस्त इंद्रजीत माहाडिक के साथ तेलीबांधा मरीन ड्राइव स्थित चौपाटी में खाना खाने गया था। इसके बाद वह अपनी इलेक्ट्रिक ओला स्कूटी से दोस्त को देवपुरी स्थित घर छोड़कर अपने घर लौट रहा था।
रात करीब 12:30 बजे जब वह अमलीडीह बीएसयूपी कालोनी के पास एक्सप्रेस-वे रोड से गुजर रहा था, तभी सड़क किनारे पेड़ के नीचे अंधेरे में छिपे दो युवक अचानक सामने आ गए। दोनों के हाथ में डंडे थे। स्कूटी रुकते ही बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया और डंडे से मारपीट शुरू कर दी।
हमले के दौरान बदमाशों ने युवक की शर्ट की जेब में रखा मोबाइल झपटकर छीन लिया। छीना-झपटी में उसकी शर्ट भी फट गई। बदमाश लगातार हमला करते रहे, जिसके बाद युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर स्कूटी से वहां से भाग निकला।
यह भी पढ़ें- दिल्ली आंदोलन की अग्रिम पंक्ति में छत्तीसगढ़ का बेटा , 7 दिन भूख हड़ताल, लाठी खाई; फिर भी नहीं डगे इनेश साहू के कदम
घटना के बाद पीड़ित सीधे तेलीबांधा थाना पहुंचा, जहां पुलिस ने घटनास्थल न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में होने के कारण उसे वहां रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी। मारपीट में उसके बाएं हाथ, सिर और पीठ पर चोटें आईं, जिनका उपचार उसने मेडीसाइन अस्पताल, न्यू राजेंद्र नगर में कराया।