
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस को चकमा देकर भागा ड्रग्स तस्कर तीन घंटे बाद दोबारा पकड़ लिया गया। मौदहापारा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम ने आरोपित मुशर्फ कादरी (22) को रजबंधा मैदान के पास पकड़ा था।
पूछताछ और तलाशी की कार्रवाई के दौरान वह अंधेरे और तंग गलियों का फायदा उठाकर पुलिस की अभिरक्षा से भाग निकला। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की और घेराबंदी कर काला मैदान के पास उसे दोबारा पकड़ लिया।
आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने समवेत शिखर कॉम्प्लेक्स के पास एक पेड़ के नीचे छिपाकर रखा गया पर्स बरामद किया। पर्स में चार पैकेट में सफेद नशीला पाउडर रखा था। पुलिस के अनुसार, जांच में इसे एमडीएमए ड्रग्स बताया गया है। पैकेट सहित इसका कुल वजन 4.93 ग्राम और अनुमानित कीमत 28 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस कमिश्नरेट के मध्य जोन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 10 नवंबर की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक प्रतिबंधित मादक पदार्थ लेकर ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर मौदहापारा थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम ने रजबंधा मैदान के पास घेराबंदी की। यहां संदिग्ध युवक मुशर्फ कादरी को पकड़ा गया। टीम उससे पूछताछ कर रही थी और तलाशी की प्रक्रिया चल रही थी।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपित अंधेरे और तंग गलियों का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गया। अचानक हुई इस घटना के बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस ने भागने के करीब तीन घंटे के भीतर काला मैदान के पास से उसे दोबारा पकड़ लिया।
दोबारा पकड़े जाने के बाद पुलिस ने आरोपित से पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर समवेत शिखर कॉम्प्लेक्स के पास एक पेड़ के नीचे छिपाकर रखा गया पर्स बरामद किया गया। पर्स के भीतर चार पैकेट में सफेद नशीला पाउडर था। इसका कुल वजन 4.93 ग्राम निकला। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत 28 हजार रुपये बताई है। इसके अलावा आरोपित के पास से नकदी, एक एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और एक डियो स्कूटी भी जब्त की गई है।
पुलिस ने आरोपित मुशर्फ कादरी, पिता मुख्तार खान, निवासी मौदहापारा को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ मौदहापारा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) और 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पूछताछ में नशीले पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिलने की बात पुलिस ने कही है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित को एमडीएमए कहां से मिलता था और वह किन लोगों को इसकी आपूर्ति करने वाला था। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- होटल कारोबारी दीपक टंडन के खिलाफ जमीन, होटल व फॉर्च्यूनर के नाम पर 56 लाख की ठगी का मामला सामने आया