
रायपुर। पेंडारी नसबंदी शिविर में इस्तेमाल की गई 6 दवाओं की बिक्री पर राज्य शासन ने प्रतिबंध लगा दिया है। चेतावनी जारी की गई है कि इन दवाओं का इस्तेमाल घातक हो सकता है। इनकी बिक्री किसी भी मेडिकल स्टोर में नहीं होगी। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने देर शाम यह आदेश जारी किए।
गुणवत्ता संदिग्ध होने के कारण यह निर्णय लिया गया है। इन दवाओं के नमूनों को जांच और विश्लेषण के लिए कोलकाता स्थित केन्द्रीय औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
जिन बैच नम्बरों की दवाइयों की बिक्री पर प्रतिबंधित लगाया गया है उनमें टैबलेट-आइबुप्रोफेन 400 एमजी, बैच नम्बर टीटी-450413 निर्माता- मेसर्स टेक्नीकल लैब एण्ड फार्मा प्रा.लिमि. हरिद्वार, टैबलेट- सिप्रोसीन 500 एमजी, बैच नम्बर 14101 सीडी, निर्माता-मेसर्स महावर फार्मा प्रा.लिमि. खम्हारडीह रायपुर (छत्तीसगढ़), इंजेक्शन-लिग्नोकेन एचसीएल आईपी बैच नम्बर-आर.एल.108, निर्माता-मेसर्स रिगेन लेबोरेटरीज हिसार, इंजेक्शन- लिग्नोकेन एचसीएल आईपी बैच नम्बर- आरएल 107, निर्माता-मेसर्स रिगेन लेबोरेटरीज हिसार, एब्जारबेंट कॉटन- वुल आईपी बैच नम्बर- 0033, निर्माता-मेसर्स हेम्पटन इंडस्ट्रीज संजय नगर रायपुर (छत्तीसगढ़), जिलोन लोशन- बैच नम्बर जेई-179, निर्माता-मेसर्स जी. फार्मा 323, कलानी नगर, इंदौर (मध्यप्रदेश) शामिल हैं।