
रायपुर (निप्र)। जनकपुर (कोरिया) में लोक सुराग अभियान के दौरान राज्य के कद्दावर कैबिनेट मंत्री अजय चंद्राकर एक रेंजर को जान से मारने की धमकी देकर फिर विवादों में फंस गए हैं। मंत्री चंद्राकर फॉरेस्ट एसडीओ के कार्यक्रम में नहीं पहुंचने से नाराज थे। मंत्री चंद्राकर से जब इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने ऐसी किसी भी घटना से इंकार कर दिया। उनका कहना है- 'मैं ऐसा बोल ही नहीं सकता।' मंत्री का धमकीभरा यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है।
जानकारी के अनुसार लोक सुराज अभियान के तहत रविवार को जनकपुर में जनसभा का आयोजन किया गया। इसमें मंत्री चंद्राकर विभिन्न् विभागों की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान वन अधिकार पट्टा को लेकर मिली शिकायतों की जानकारी के लिए सभा में वन विभाग के अफसर को तलब किया गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि वन विभाग के एक रेंजर को बुला कर मंच पर बैठाया जाता है और माइक दे दिया जाता है। मंत्री चंद्राकर माइक पर ही वन अधिकार पट्टा और तेेंदूपत्ता बोनस वितरण के संबंध में सवाल करते हैं।
वीडियो में रेंजर को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि मैं पूरे जनकपुर के बारे में नहीं बता सकता। केवल अपने रेंज की जानकारी दे सकता हूं। इस पर मंत्री पहले उनके रेंज पर पट्टा और बोनस वितरण की राशि की जानकारी लेते हैं, फिर पूछते हैं कि पूरे जनकपुर के वन अधिकार पट्टा के संबंध में कौन जानकारी दे सकता है? इस पर रेंजर उन्हें बताते हैं कि यह जानकारी एसडीओ दे सकते हैं और वे आ रहे हैं। एसडीओ के मौके पर उपस्थित नहीं होने पर कटाक्ष करते हुए मंत्री चंद्राकर ने रेंजर से कहा कि एसडीओ के स्वागत के लिए बुके रखना, नहीं तो मैं तुमको मार डालूंगा।
मंत्री और रेंजर के बीच संवाद
मंत्री- पूरे जनकपुर के वन अधिकार पट्टा के बारे में कौन बताएगा, साहब?
रेंजर- जी, एसडीओ साहब आ रहे हैं।
मंत्री- एसडीओ भी नहीं हैं!
रेंजर- आ रहे हैं।
मंत्री- अच्छा आ रहे हैं! तो माला रखना, मैं पहनाऊंगा उसको। बुके रखना। अगर बुके नहीं रखोगे तो मैं तुमको मार डालूंगा।
ऐसा कुछ नहीं हैं। मैं ऐसा बोल ही नहीं सकता। मौके पर मेरे साथ और भी लोग मौजूद थे। पता नहीं, यह बात कहां से आई, यह सब बकवास है। -अजय चंद्राकर, स्वास्थ्य मंत्री