Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय, अभी हल्की से मध्यम बारिश जारी; आगे तेज बारिश के आसार
छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता बनी हुई है, जिससे प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खा...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 25 Jul 2026 08:22:30 AM (IST)Updated Date: Sat, 25 Jul 2026 08:41:18 AM (IST)
मौसम अपडेट की प्रतीकात्मक तस्वीर। अर्काइव नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मौसम सुहाना बना हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान रायपुर और दुर्ग में 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेण्ड्रा रोड में 21.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदेश के कई इलाकों में हल्की वर्षा दर्ज की गई है। इनमें मुख्य रूप से धरमजयगढ़ में 3 सेंटीमीटर, तथा लैलूंगा, कोरबा, कापू और खरसिया में 2 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा बीजापुर, नया बाराद्वार, करतला, साल्हेवारा, लाल बहादुर नगर, कांसाबेलl, पत्थलगांव और मानपुर जैसे क्षेत्रों में 1 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई है।
निम्न दबाव का नया क्षेत्र बनेगा
सिनोप्टिक सिस्टम के मुताबिक, समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका अब जैसलमेर, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में बने कम दबाव के केंद्र, कोटा, गुना, सीधी, डाल्टनगंज से होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा की ओर उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है। इसके साथ ही, गंगीय पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों और उससे सटे बांग्लादेश के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। यह सिस्टम अब समुद्र तल से 9.4 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है और ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुक रहा है। इसके प्रभाव से आगामी 24 घंटों के दौरान इसी क्षेत्र में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की प्रबल संभावना जताई गई है।
बारिश रहेगी जारी
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में भी प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि राज्य के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात यानी बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। अगले दो दिनों के बाद भी मौसम का मिजाज ऐसा ही बने रहने की संभावना है।
राजधानी में छाए रहेंगे आंशिक बादल
राजधानी रायपुर की बात करें तो, 25 जुलाई को आकाश सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। शहर में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। तापमान की बात करें तो रायपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की पूरी संभावना है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलती रहेगी।