
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। प्रदेश में भीषण गर्मी से राहत मिलने और मानसून की रफ्तार बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने सोमवार से चार दिनों तक पूरे प्रदेश में बारिश (Rain Alert in Chhatisgarh) की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रदेश के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हो गई हैं।
रविवार को बस्तर संभाग के कोहकामेटा में सर्वाधिक 70 मिमी और कोंटा में 60 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कोंटा में 60, सरगुजा संभाग के खड़गांव में 50 तथा करपावांड, फरसगांव, मानपुर, नारायणपुर, मर्दापाल, रामचंद्रपुर व गंडई में 40-40 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, धमतरी, बालोद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने की संभावना है।
वहीं बस्तर संभाग के सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर सहित गरियाबंद, महासमुंद और बलरामपुर में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
राजधानी में आज आसमान आंशिक रूप से मेघमय रह सकता है। गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।