रायपुर। समय से पहले मानसून प्रवेश के साथ ही अब मानसून की फुहारें भी शुरू हो गई है। शुक्रवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बादल छाए रहे और रुक रुक कर बारिश होती रही। रुक रुक कर हो रही बारिश के चलते लोगों को उमस व गर्मी से जहां राहत मिली है। वहीं मौसम में ठंडक आ गई है। आलम रहा कि राजधानी रायपुर के अधिकतम तापमान में सामान्य से 13 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
प्रदेश भर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बिलासपुर में 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस रहा। गौरतलब है कि इस साल मानसून समय से चार दिन पहले छत्तीसगढ़ पहुंच गया। साथ ही खास बात यह रही कि सत्रह सालों बाद ऐसा हुआ है कि मानसून जगदलपुर के साथ ही रायपुर भी कुछ ही घंटों में पहुंच गया। अगले एक से दो दिनों में मानसून पूरे छत्तीसगढ़ में पहुंच जाएगा।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शनिवार को भी प्रदेश के बहुत से क्षेत्रों में गरज चमक के साथ छींटे पड़ेंगे या भारी बारिश भी हो सकती है। इसके साथ ही वज्रपात होने की भी संभावना है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उड़ीसा व बंगाल के तट पर है। अगले 24 घंटों में इसके काफी आगे बढ़ने की संभावना है।
यहां हुई इतनी बारिश
पखांजुर सात सेमी, बीजापुर छह सेमी, मानपुर पांच सेमी, भानपुप्रतापपुर,गुंडरदेही,भोपालपटनम,कोंडागांव में तीन सेमी बारिश दर्ज की गई। इनके साथ ही और भी कई क्षेत्रों में गरज चमक के साथ छींटे पड़े या बारिश हुई।
बाजार में आने लगे छाते व रेनकोट
बारिश को देखते हुए बाजार में अब रंग बिरंगे छाते व रेनकोट भी आने लगे है। कारोबारियों द्वारा इनकी नई-नई रेंज भी मंगाई जा रही है।