रायपुर में 24 फरवरी से शुरू हो रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय सम्मेलन में दस हजार से ज्यादा नेता होंगे शामिल
Congress National Convention in Raipur: कांग्रेस के 24 से 26 फरवरी तक राजधानी में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए टेंट सिटी बसाई जाएगी।
By Ashish Kumar Gupta
Edited By: Ashish Kumar Gupta
Publish Date: Sat, 21 Jan 2023 05:40:50 PM (IST)
Updated Date: Sat, 21 Jan 2023 05:40:50 PM (IST)

रायपुर। राज्य ब्यूरो। Congress National Convention in Raipur: कांग्रेस के 24 से 26 फरवरी तक राजधानी में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए रायपुर में टेंट सिटी बसाई जाएगी। सम्मेलन मेें दस हजार से ज्यादा नेता शामिल होंगे। देशभर के करीब चार हजार नेताओं के ठहरने के लिए नवा रायपुर में कांग्रेस संगठन की तरफ से टेंट सिटी का निर्माण किया जा रहा है। नवा रायपुर के राज्योत्सव मेला मैदान में टेंट सिटी बसाई जाएगी, जिसकी तैयारी का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा नवा रायपुर पहुंचे।
मेफेयर रिसोर्ट में ठहरेंगे राष्ट्रीय नेता
कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं के ठहरने का इंतजाम नवा रायपुर के मेफेयर रिसोर्ट में किया गया है। इसमें कांग्रेस की पूर्व राष्ष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कांग्रेस वर्किंग कमेटी के नेता शामिल हैं। मेफेयर रिसोर्ट मेला मैदान से दो किलोमीटर की दूरी पर है और यहां सभी तरह की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
10 हजार से ज्यादा लोगों का शामिल होना ऐतिहासिक क्षण
प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि कांग्रेस पार्टी का महाधिवेशन छत्तीसगढ़ में होने जा रहा है, यह बहुत खुशी की बात है। अधिवेशन में 10 हजार से ज्यादा लोगों का आना एक ऐतिहासिक क्षण होगा। पार्टी पदाधिकारी यहां से कांग्रेस पार्टी की मजबूती का संदेश लेकर जाएंगे। छत्तीसगढ़ को मेजबानी का मौका मिला है। सफल मेजबानी के लिए सब मिलकर काम करेंगे। हमारी सरकार को प्रदेश में चार साल हो गए हैं। इस बात पर गर्व होता है कि छत्तीसगढ़ की योजनाएं देशभर के लिए मिसाल बनी हैं।
भाजपा का गुजरात माडल खोखला
सैलजा ने कहा कि भाजपा का गुजरात माडल खोखला हो गया है। सैलजा के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, मंत्री शिव डहरिया, रामगोपाल अग्रवाल, गिरीश देवांगन सहित अन्य वरिष्ष्ठ नेताओं ने भी तैयारियों का जायजा लिया। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि वरिष्ठ नेताओं के ठहरने के लिए रायपुर के होटलों को बुक कराया जा रहा है। अलग-अलग प्रदेश से आने वाले प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों के लिए टेंट सिटी तैयार की जा रही है। वहां सभी तरह की सुविधाएं रहेंगी।