रायपुर के भाठागांव बाजार में रास्ते से सब्जी विक्रेताओं को हटाने पर बवाल, राजस्व निरीक्षक समेत तीन कर्मचारियों से मारपीट
रायपुर के भाठागांव बाजार में सड़क पर सब्जी बेचने से रोकने और सामान जब्त करने की कार्रवाई के दौरान बड़ा विवाद हो गया। सब्जी विक्रेताओं ने नगर निगम के र...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 23 Sep 2026 07:08:21 PM (IST)Updated Date: Wed, 23 Sep 2026 07:10:20 PM (IST)
पुरानी बस्ती थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे निगम के अधिकारी। - नईदुनियाHighLights
- राजस्व उप निरीक्षक समेत तीन कर्मचारियों से मारपीट
- सड़क पर सब्जी बेचने से रोकने पर हुआ विवाद
- माइक से सूचना देने के बाद शुरू हुई जब्ती
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। भाठागांव बाजार में बाजार व्यवस्था के लिए पहुंचे नगर निगम के कर्मचारियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। सड़क पर सब्जी बेचने से रोकने और सामान जब्त करने की कार्रवाई के दौरान सब्जी विक्रेताओं ने नगर निगम के राजस्व उप निरीक्षक समेत टीम के अन्य सदस्यों से गाली-गलौज और मारपीट की। घटना में राजस्व उप निरीक्षक आकाश कुमार झा, नगर निगम के टीम प्रहरी गौरव गोटेपोड़ें और ड्यूटी पर तैनात आरक्षक अनुज कुमार को चोटें आई हैं।
मामले में पुरानी बस्ती पुलिस ने नगर निगम के राजस्व उप निरीक्षक आकाश कुमार झा की शिकायत पर तीन नामजद आरोपितों गुंजा सोनकर, छबीलाल सोनकर और वासु सोनकर समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चार दिन से बाजार व्यवस्था में लगी थी टीम
एफआईआर के अनुसार आकाश कुमार झा नगर निगम रायपुर में राजस्व उप निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। आयुक्त और उपायुक्त के आदेश पर उनकी ड्यूटी पिछले चार दिनों से भाठागांव हमर अस्पताल के पास बाजार व्यवस्था में लगाई गई थी। 23 सितंबर की सुबह करीब छह बजे वह अपनी टीम के साथ बाजार पहुंचे थे। टीम द्वारा सड़क और चिन्हित स्थानों पर बाजार व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की जा रही थी।
माइक से सूचना के बाद सामान जब्त करने पहुंचे
शिकायत के मुताबिक, सड़क पर सब्जी बेच रहे विक्रेताओं को मार्ग पर दुकान नहीं लगाने के लिए टीम ने माइक के माध्यम से बार-बार सूचना दी थी। इसके बावजूद कुछ लोग सड़क पर सब्जी बेच रहे थे। सुबह करीब आठ बजे टीम ने सामान जब्त करने की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान गुंजा सोनकर, छबीलाल सोनकर, वासु सोनकर समेत अन्य लोगों ने विरोध करते हुए नगर निगम कर्मचारियों से गाली-गलौज शुरू कर दी।
राजस्व निरीक्षक के मुंह और हाथ में चोट
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विरोध के दौरान आरोपितों ने आकाश कुमार झा के साथ मारपीट की। इससे उनके मुंह और दाहिने हाथ में चोट लगी। टीम प्रहरी गौरव गोटेपोड़ें के सिर में गंभीर चोट लगने और ड्यूटी पर तैनात आरक्षक क्रमांक 1791 अनुज कुमार के सिर पर भी चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है।
मौके पर निगम कर्मचारी और पुलिसकर्मी मौजूद थे
घटना के दौरान नगर निगम और पुलिस की टीम के अन्य कर्मचारी भी मौके पर मौजूद थे। शिकायत में बंशी यादव, दिलीप बेहरा, सुमेश यादव, केहर सिंह फरिकार, कमल टंडन, योगेश जायसवाल और टोकेश्वर सिंह ध्रुव सहित अन्य कर्मचारियों के मौके पर मौजूद होने का उल्लेख किया गया है।
पुरानी बस्ती थाने में मामला दर्ज
घटना के बाद आकाश कुमार झा ने पुरानी बस्ती थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने 23 सितंबर को दोपहर 2:13 बजे एफआईआर दर्ज की। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक दलेश्वर सिंह ठाकुर को सौंपी गई है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।